महाकाल की सवारी को लेकर भजन मंडलियों की बैठक आयोजित की गई।
- फोटो : सोशल मीडिया
उज्जैन में सावन माह में निकलने वाली सवारी की ख्याति देशभर में है। इस बार सवारी में झांकी, शोभारथ, डीजे आदि प्रतिबंधित रहेंगे। ये निर्णय सभी भजन मंडलियों के साथ हुई बैठक में मंदिर प्रशासक ने लिए हैं।
बता दें कि 10 जुलाई को महाकाल की पहली सवारी निकलेगी। इसके पहले भजन मंडलियों की बैठक आयोजित की गई। भजन मंडलियों की बैठक में श्री महाकालेश्वर मंदिर के प्रशासक संदीप सोनी ने बताया कि भजन मंडलियां बाबा महाकाल की सवारी में सीमित संख्या में व ड्रेस कोड में शामिल होंगी। सवारी में झांकी, शोभारथ, डीजे आदि प्रतिबंधित रहेंगे। सवारी में अधिकृत भजन मंडलियां को ही प्रवेश की अनुमति रहेगी। भजन मंडलियों का स्वरूप सवारी के वैभव अनुरूप होना चाहिए। कोई भी व्यक्ति नशा या अन्य मादक पदार्थों का सेवन कर नहीं आए, ऐसा पाए जाने पर संबंधित मंडली को बाहर कर दिया जाएगा। उन्होंने सवारी मे सभी अनुमति प्राप्त भजन मंडली को निर्धारित समय से पूर्व उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
यह बैठक श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार के निर्देशों के अनुपालन में श्री महाकाल महालोक के कंट्रोल रूम में की गई। इसमें मंदिर प्रबंध समिति के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल, सीएसपी ओपी मिश्रा, टीआई महाकाल मुनेंद्र गौतम उपस्थित थे।