पति-पत्नी के बीच विवाद (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
उज्जैन में एक महिला ने अपने पति को पड़ोसन के साथ संदिग्ध हालत में देखा तो वह नाराज हो गई। घर में बेटे के साथ मिलकर विवाद के बाद मारपीट की। गंभीर घायल होने पर पति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सोमवार देर रात उसकी मौत हो गई। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए मृतक की पत्नी, बेटे और बहू को थाने में बैठाया, फिर शव का पोस्टमॉर्टम कराया।
नंदकिशोर पिता मोहनलाल चौहान (60) निवासी रामदेव मंदिर के पास पंवासा में स्वयं का ट्रक चलाता था। उसकी बहन ममता ने बताया कि नंदकिशोर के दो लड़के राहुल चौहान और रवि मेंटल हैं। उसे पुलिस से सूचना मिली कि नंदकिशोर का पत्नी द्रौपती बाई और बेटे राहुल से विवाद हुआ है। वह भाई के घर गई तो भाभी व भतीजे ने कहा कि नंदकिशोर घर में गिर गया था। इस कारण अस्पताल में भर्ती कराया है। ममता अस्पताल आई तो पता चला नंदकिशोर की मौत हो चुकी है।
ममता ने कहा कि द्रौपति और राहुल ने ही भाई के साथ मारपीट की होगी, जिससे उसकी मौत हुई है। जिला अस्पताल के डॉ. जितेन्द्र शर्मा ने बताया कि नंदकिशोर के सिर और पीठ में चोट के निशान थे। हालत गंभीर होने पर उपचार के बाद उसे वार्ड में भर्ती किया था। देर रात उसकी मौत होने पर सूचना पंवासा पुलिस को दी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि नंदकिशोर का एक बेटा रवि मेंटल आदतन अपराधी है और एक महीने पहले मर्डर केस में जेल में बंद है। जबकि उसकी पत्नी, एक बेटा और बहू के साथ नंदकिशोर रहता था। बीती रात पड़ोस में रहने वाली महिला के साथ द्रौपति ने नंदकिशोर को संदिग्ध हालत में देखा, जिसके बाद विवाद हुआ था। पुलिस का कहना है कि नंदकिशोर की मौत मारपीट में आई चोट के कारण हुई है। उसके परिजनों को पूछताछ के लिए थाने में बैठाकर शव का पीएम किया गया।