हमले में नीलगंगा थाना प्रभारी विवेक कनोडिया की उंगली फ्रैक्चर हो गई।
- फोटो : अमर उजाला
उज्जैन जिले में पुलिस पर हमला करने का मामला सामने आया है। आत्महत्या के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपी के परिजनों में पहले तो अभद्रता की फिर बात हाथापाई तक पहुंच गई। घटना में थाना प्रभारी की उंगली फ्रैक्चर हो गई है।
जानकारी के अनुसार 14 जून 2023 को इंदौर रोड स्थित शिवांश एलीगन्स हाईराइज बिल्डिंग की छठी मंजिल से एक नवविवाहिता ने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या करने वाली शिल्पा राजपूत ने इस दौरान अंग्रेजी में एक सुसाइड नोट भी छोड़ा था। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच करने के बाद अपराध क्रमांक 394/2023 मे 304 बी के तहत प्रकरण दर्ज किया था। बताया जाता है कि इस मामले में नीलगंगा थाना पुलिस को पिछले काफी समय से मृतका के पति मोहित राजपूत की तलाश थी, लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद वह गिरफ्त में नहीं आ रहा था। पुलिस को सूचना मिली कि मोहित अपने पिता के घर इंदौर में है, जिस पर पुलिस तुरंत उसे गिरफ्तार करने पहुंची थी। जहां परिवार के लोगों ने नीलगंगा थाना प्रभारी और उनकी टीम पर हमला कर दिया जिससे थाना प्रभारी की उंगली फ्रैक्चर हुई है।
नीलगंगा थाना प्रभारी विवेक कनोडिया ने बताया कि लगभग चार माह पूर्व शिल्पा राजपूत नामक नवविवाहिता ने छठी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में उसके पति मोहित पिता महेश राजपूत की गिरफ्तारी होना शेष थी। हमें सूचना मिली थी कि मोहित अपने पिता के इंदौर स्थित प्रीमियम पार्क कॉलोनी में है। सूचना के बाद जब हम उसे पकड़ने पहुंचे तो मोहित की भाभी, मां और पिता ने मोहित को गिरफ्तार करने से हमें रोका। इस दौरान मोहित ने भी उज्जैन से गई टीम के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए हमला किया। इस हमले के दौरान मेरी सीधे हाथ की तीसरी उंगली में फ्रैक्चर आया है। घटना के बाद उज्जैन से गई टीम ने मोहित को गिरफ्तार किया।पूरे मामले में सबसे पहले बाणगंगा थाने में संपूर्ण घटना की रिपोर्ट लिखाई। इस घटना में थाना प्रभारी विवेक कनोडिया के अलावा और किसी को चोट नहीं आई है।