सार
MP News: तीन दिन पहले नागपुर से धार्मिक यात्रा पर आई महिला की बीती रात चक्कर आने के बाद मौत हो गई। परिजन और रिश्तेदार अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां मामला संदिग्ध होने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया है।
उज्जैन में दर्शन करने आई महिला को आया चक्कर
- फोटो : अमर उजाला
नागपुर से पिंकी पति सुनील गोडसे 30 वर्ष परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर आईं थी। दो दिनों से परिवार देव दर्शन में लगा हुआ था। पिंकी के रिश्तेदार ग्राम चंदेसरा में रहते हैं, जहां वह ठहरे हुए थे। बीती शाम पिंकी बाथरूम में गई थी, जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आई तो रिश्तेदार उसे देखने के लिए पहुंचे वह बाथरूम में जमीन पर पड़ी हुई थी। उसे तत्काल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
चक्कर आने की वजह से गिरी
बताया जा रहा है कि मामला संदिग्ध होने पर पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों ने बताया कि संभवत चक्कर आने से वह गिरी थी। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आज सुबह पोस्टमार्टम कराया है। इस दौरान परिजनों ने बताया कि पिंकी तीन बच्चों की मां थी और पति मजदूरी करता है। वह चार-पांच दिनों की धार्मिक यात्रा पर आए हुए थे, दो दिन बाद उन्हें नागपुर लौटना था। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी फिलहाल परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू की गई है।