बाबा महाकाल की ख्याति देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी है, जहां उनके लाखों करोड़ों भक्त हैं। वैसे तो देशभर से प्रतिदिन ही लाखों की संख्या में श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन करने और उनका आशीर्वाद लेने के लिए धार्मिक नागरिक और जैन आते हैं। वहीं जो श्रद्धालु इस नगरी में नहीं आ पाते वह भी मंदिर में दान के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करवाते रहते हैं। सोमवार के दिन भी कुछ ऐसा ही हुआ जब चेन्नई के श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के शृंगार के लिए आर्टिफिशियल ज्वेलरी के साथ ही चंदन, इत्र और अन्य सामग्री बाबा महाकाल को भेंट की। इसका उपयोग शाम को होने वाले शृंगार के दौरान भी हुआ, जिससे बाबा महाकाल को शृंगारित किया गया।
श्री महाकालेश्वर मंदिर के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने बताया कि श्री महाकालेश्वर भगवान को चेन्नई के भक्त दीपक कुमार और प्रवीण कुमार द्वारा बाबा महाकाल के शृंगार हेतु आर्टिफिशियल ज्वेलरी भेट की गई। इसमें मुकुट, त्रिपुंड, लॉकेट, कुंडल, पुष्प, चन्द्रमा, तिलक, बिन्दी, इत्र की शीशी एवं चन्दन आदि शामिल था। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा विधिवत रसीद प्रदान की गई। यह जानकारी मंदिर प्रबंध समिति की कोठार शाखा द्वारा दी गई। इस सामग्री को बाबा महाकाल को अर्पित करने वाले श्रद्धालु दीपक कुमार वैसे तो चेन्नई में निवास करते हैं, लेकिन बाबा महाकाल के प्रति उनकी अगाध श्रद्धा है। यही कारण है कि वह समय-समय पर बाबा महाकाल के शृंगार के लिए इस प्रकार की सामग्री मंदिर में भेंट करते रहते हैं।
बाबा के भक्त द्वारा रजत मुकुट दान दिया
श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्री महाकालेश्वर भगवान को महाराष्ट्र औरंगाबाद से पधारे भक्त गौरव मालपानी द्वारा पं. रमाकांत जोशी की प्रेरणा से एक नग चांदी का मुकुट भेट किया। जिसे श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रभारी राकेश श्रीवास्तव ने प्राप्त पर दानदाता का सम्मान किया। विधिवत रसीद प्रदान की गई।
सांध्यकालीन शृंगार में बाबा ने पहना मुकुट, ज्वेलरी से भी सजे
याद रहे की प्रतिदिन सांध्यकालीन आरती के समय बाबा महाकाल का विशेष शृंगार किया जाता है। सोमवार महाराष्ट्र के भक्त गौरव मालपानी द्वारा बाबा महाकाल को अर्पित किए गए चांदी के मुकुट और चेन्नई के भक्त दीपक कुमार और प्रवीण कुमार द्वारा बाबा महाकाल को अर्पित की गई। आर्टिफिशियल ज्वेलरी से ही बाबा महाकाल का शृंगार पंडित भरत गुरु द्वारा किया गया था।