चिमनगंज थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात गुंडागर्दी का एक मामला सामने आया। चार लोगों ने एक प्रिंटिंग प्रेस के बाहर खड़े होकर पहले गालियां दीं। गाली देने का कारण पूछा गया तो प्रिंटिंग प्रेस में काम कर रहे युवक से शराब के रुपयों की मांग भी की गई। युवक ने रुपये देने से मना किया और वीडियो बनाने लगा तो उत्पात मचा रहे इन लोगों ने मोबाइल फोन तोड़ दिया। साथ ही युवक पर तलवार से हमला कर दिया। मामले में चिमनगंज थाना पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पूरा मामला कुछ इस प्रकार है कि शराब गोदाम के पास स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस पर रविवार की रात 11.25 पर रोहित पिता महेंद्र यादव निवासी राज रॉयल कॉलोनी उज्जैन काम कर रहा था। तभी मायापुरी में रहने वाला सोनू शर्मा और एक अन्य मोनू परिहार प्रिंटिंग प्रेस के बाहर आए और गालियां देने लगे। इस दौरान सोनू शर्मा के हाथों में तलवार थी और वह लगातार गलियां दे रहा था। रोहित ने जब इन लोगों को गालियां देने से रोका तो सोनू ओर मोनू ने रोहित को धमकाते हुए उससे शराब के रुपयों की मांग कर दी। सोनू और मोनू रुपये न मिलने पर लड़ाई करने लगे, जिस पर रोहित ने इस घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वीडियो बनाने से सोनू शर्मा और मोनू परिहार और भी नाराज हो गए और सोनू ने रोहित पर तलवार से हमला कर दिया। उसके दाहिने हाथ की उंगली और पैर के घुटने में चोट आई है। इस मामले में चिमनगंज थाना पुलिस ने रोहित के मेडिकल के बाद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 115(2), 296 ए, 324(4), 35(3), 3(5) में प्रकरण दर्ज किया है।