रेलवे स्टेशन पर उत्पात मचाकर ऑटो के कांच फोड़ने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस एक्शन में आ गई है। आज पुलिस बदमाशों के मकानों पर नगर निगम टीम के साथ पहुंची और नपती की गई। बदमाशों के मकान पर एक-दो दिन में बुलडोजर चल सकता है।
रविवार को रेलवे स्टेशन पर माल गोदाम के सामने दो बदमाशों ने 10 से अधिक ऑटो के कांच फोड़कर दहशत फैला दी थी। बदमाशों ने करीब 15 मिनट तक उत्पात मचाया था और चालकों को धमकी देकर भाग निकले। मामले में जीआरपी ने ऑटो चालकों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू की थी। एक बदमाश शिवशक्ति नगर का रहने वाला फिरोज उर्फ कद्दू और दूसरा इमरान उर्फ इम्मु निवासी बेगमबाग होना सामने आया था। दोनों के खिलाफ पूर्व में अपराधिक रिकार्ड दर्ज है। दोनों की गिरफ्तारी नहीं होने और उन पर अकुंश लगाने को लेकर पुलिस एक्शन में आ गई है।
चिमनगंज पुलिस नगर निगम टीम के साथ शिवशक्ति नगर पहुंची और बदमाश के मकान की नपती की गई। उसके बाद निगम की टीम महाकाल थाना पुलिस के साथ बेगमबाग पहुंची। जहां दूसरे बदमाश के मकान की नपती की गई। बताया जा रहा है कि बदमाशों के मकान अवैध तरीके से बने हुए है। संभवत: एक-दो दिन में दोनों बदमाशों के मकानों पर नगर निगम का बुलडोजर चल सकता है।
गौरतलब हो कि दोनों बदमाशों ने रेलवे स्टेशन से ऑटो चलाने वाले मोहम्मद सादिक, राम परमार, दीपक भावसार, अमजद आलम, यासीन खान, विजय जायसवाल, वाहिद खान, साबिर भाई, राहुल माली और अब्दुल सहित अन्यों की आटो के कांच फोड़े थे। बताया जा रहा है कि दोनों बदमाश भी आटो चलाते हैं और सवारी को लेकर ऑटो चालकों से विवाद करते हैं। दोनों रेलवे स्टेशन पर चालकों से उनकी ऑटो में बैठाने के लिए रुपयों की मांग भी करते हैं।