उज्जैन पुलिस ने चोरी किए गए 162 वाहनों को जब्त किया
- फोटो : अमर उजाला
उज्जैन पुलिस लाइन में 162 नंबर लिखा गया। पुलिस ने ये नंबर उन वाहनों को खड़ा करके लिखा जो चोरी के थे। उज्जैन के चोरों ने इनको अलग-अलग स्थानों से चुराया था। चोरी किए गए वाहनों की तलाश के लिए पुलिस ने एक माह का एक्शन प्लान बनाया। कई ऐसी जगहों पर निगाह रखी, जहां से वाहन चुराना चोरों के लिए बहुत आसान था।
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया, 'एक माह से लगातार हमें वाहन चोरी की वारदातों की सूचना मिलती रही। लगभग 60 स्थानों पर हमने अलग-अलग चेकिंग पॉइंट बनाए और चोरी हुए वाहनों को खोजा, तब जाकर सफलता मिली।' दरअसल पुलिस ने सुबह 3 बजे रतलाम, देवास, झालावाड़ और धार के डेरों पर दबिश देकर चोरी के वाहनों को जब्त किया। इस पूरे काम को अंजाम देने के लिए साइबर टीम की भी मदद ली गई। अलग-अलग जगहों से 18 आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कुछ आरोपी मौके से भागने में कामयाब हो गए। पुलिस इनकी तलाश कर रही है।
पुलिस लाइन पर वाहनों से लिखा 162
चोरी के 162 वाहन खोजने के बाद पुलिस बहुत खुश है। पुलिस लाइन पर सभी जब्त वाहनों को ऐसा खड़ा किया गया जिससे 162 नंबर लिख जाए। वाहनों को ऊपर से देखने पर 162 नंबर दिखे। इसके लिए पुलिस ने ड्रोन से फोटो शूट भी कराया। पुलिस ने बताया कि 162 वाहनों की कीमत बहुत ज्यादा है। हालांकि कुछ वाहन साल 2012 और 2013 के भी हैं। कुछ वाहनों के इंजन, चेचिस और नंबर गायब हैं। फिर भी कंपनियों के माध्यम से इन वाहनों के असली मालिक की पहचान पुलिस करेगी। पुलिस के अनुसार सभी वाहनों को उनके मालिकों तक जल्द ही पहुंचा दिया जाएगा।