फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कहां चली गई मां?: उज्जैन स्टेशन पर पुकारते रहे दो मासूम, भाई रोया तो नन्हीं बहन ने सिर पर हाथ फेरकर चुप कराया

Sun, 15 Nov 2026 09:34 AM IST
उज्जैन ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन

सार

उज्जैन रेलवे स्टेशन के मुसाफिरखाने में शनिवार रात दो मासूम बच्चे लावारिस हालत में मिले। मां के छोड़कर जाने के बाद जीआरपी ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया और मातृछाया संस्था को सौंप दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए महिला की तलाश कर रही है।

 

विज्ञापन
सांकेतिक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रेलवे स्टेशन पर रोज हजारों लोग आते-जाते हैं। कोई ट्रेन पकड़ने आता है तो कोई अपनों को विदा करने। लेकिन शनिवार की रात उज्जैन रेलवे स्टेशन पर एक ऐसी घटना हुई, जिसने वहां मौजूद लोगों की आंखें नम कर दीं। प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बने मुसाफिरखाने में एक टेबल पर दो मासूम बच्चे अकेले सोते मिले। इनमें एक करीब 6-7 महीने का बेटा और दूसरी डेढ़ से दो साल की बेटी थी। दोनों को इस हालत में देखकर वहां मौजूद लोग भावुक हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नन्हीं बच्ची नींद में बार-बार मां... मां... पुकार रही थी। शुरुआत में लोगों को लगा कि मां बाथरूम गई होगी और थोड़ी देर में लौट आएगी। लेकिन 10 मिनट, 20 मिनट और फिर एक घंटा बीत गया। मां वापस नहीं आई। इसी बीच छोटा भाई भूख से रोने लगा। उसे रोता देख नन्हीं बहन ने उसके ऊपर अपना छोटा सा हाथ रखकर चुप कराने की कोशिश की। यह दृश्य देखकर मुसाफिरखाने में मौजूद लोगों की आंखें भर आईं।

किसी ने बच्चों को पानी पिलाया तो किसी ने बिस्कुट दिया, लेकिन दोनों मासूमों को मां की गोद का इंतजार था। सूचना मिलते ही जीआरपी थाना प्रभारी सुनील गुप्ता महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने दोनों बच्चों को गोद में उठाया और अस्पताल लेकर गए। वहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। डॉक्टरों ने बच्चों को स्वस्थ बताया। इसके बाद रात में ही दोनों मासूमों को मातृछाया संस्था के संचालक मनीष बैरागी की देखरेख में सौंप दिया गया। फिलहाल दोनों बच्चे मातृछाया में सुरक्षित हैं।

विज्ञापन


सीसीटीवी फुटेज में महिला की तलाश कर रही पुलिस
अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि बच्चों को छोड़कर जाने वाली महिला कौन थी, कहां की रहने वाली थी और उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। क्या वह किसी मजबूरी में बच्चों को छोड़कर गई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? इन सवालों के जवाब तलाशने के लिए जीआरपी पुलिस स्टेशन परिसर और पार्सल गोदाम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। कैमरों का एक्सेस आरपीएफ के पास होने के कारण जीआरपी फुटेज की जांच में आरपीएफ की मदद ले रही है।

स्टेशन पर हर किसी की जुबां पर एक ही सवाल
घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद लोगों के बीच एक ही सवाल चर्चा का विषय बना रहा कि आखिर कोई मां अपने मासूम बच्चों को इस तरह कैसे छोड़ सकती है? हालांकि, इस सवाल के साथ एक दूसरा सवाल भी है कि क्या कोई मां अपनी मर्जी से अपने बच्चों से दूर जा सकती है? संभव है कि महिला के पीछे कोई ऐसी मजबूरी या दर्दनाक कहानी हो, जो अभी सामने नहीं आई है।

जीआरपी थाना प्रभारी सुनील गुप्ता ने बताया कि शनिवार रात सूचना मिली थी कि एक महिला मुसाफिरखाने में दो बच्चों को छोड़कर चली गई है। दोनों बच्चे लावारिस हालत में टेबल पर लेटे मिले थे। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर गई और मेडिकल परीक्षण कराया। फिलहाल महिला की तलाश की जा रही है। उसका पता चलने पर बच्चों को उनके माता-पिता तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

फिलहाल दोनों मासूम मातृछाया में सुरक्षित हैं। उन्हें दूध और खाना मिल रहा है, देखभाल भी हो रही है, लेकिन जिस मां की गोद के लिए वे बार-बार पुकार रहे हैं, उसका इंतजार अब भी खत्म नहीं हुआ है।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें