बोहरा समाज ने हटाया मस्जिद का अतिक्रमण
- फोटो : अमर उजाला
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत शहर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण अभियान के बीच बोहरा समाज ने सहयोग की मिसाल पेश की है। कोयला फाटक और कंठाल से गोपाल मंदिर रोड के चौड़ीकरण की जद में आ रही करीब 200 साल पुरानी हुसामी मस्जिद के अग्रिम हिस्से को समाज के लोगों ने आपसी सहमति से खुद हटाना शुरू कर दिया है।
नगर निगम के भवन अधिकारी राजकुमार राठौर के अनुसार सड़क चौड़ीकरण के दायरे में मस्जिद का करीब 8.5 फीट हिस्सा आ रहा है। इसमें 6 से 7 दुकानें भी शामिल हैं। प्रशासन की ओर से नोटिस दिए जाने के बाद बोहरा समाज ने विकास कार्य में सहयोग करने का निर्णय लिया। शुक्रवार शाम समाज के लोग खुद हथौड़े, घन और सब्बल से निर्धारित हिस्से को हटाते नजर आए। अधिकारियों के अनुसार तीन-चार दिनों में ट्रैक्टर ब्रेकर की मदद से यह काम पूरा कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें: रायसेन: कर्ज चुकाने के लिए पिता ने नाबालिग के हाथ पीले किए, 4 माह की गर्भवती मिली किशोरी, मामले की जांच शुरू
बोहरा समाज के अब्बास सियावाला ने बताया कि सैयदना साहब का स्पष्ट मार्गदर्शन है कि सरकार और प्रशासन के नियमों के अनुसार विकास कार्यों में सहयोग किया जाए। इसी मार्गदर्शन के तहत समाज की पूर्ण सहमति से मस्जिद के आगे का हिस्सा हटाने का निर्णय लिया गया है।
हाईकोर्ट में हो चुकी है खारिज शाही मस्जिद की अपील
सड़क चौड़ीकरण के इसी मार्ग पर कुछ दूरी पर शाही मस्जिद भी स्थित है। चौड़ीकरण की कार्रवाई और प्रशासन के नोटिस के खिलाफ शाही मस्जिद पक्ष की ओर से हाईकोर्ट में अपील दायर की गई थी, जिसे अदालत पहले ही खारिज कर चुकी है। इसके बाद इस मार्ग पर चौड़ीकरण की कार्रवाई आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है।
प्रशासन के अनुसार हुसामी मस्जिद के हिस्से को हटाने के बाद अब सामने की दुकानों और सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आने वाली अन्य संरचनाओं पर भी कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। प्रशासन का कहना है कि सिंहस्थ-2028 के मद्देनजर शहर में यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए सड़क चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है।