Ujjain: चिकित्सा के क्षेत्र में 40 वर्षों से सेवा कार्य करने वाले न्यूरो सर्जन और डॉ. राकेश गुप्ता वैसे तो अब तक कई चिकित्सा सम्मान से सम्मानित हो चुके हैं, लेकिन बीते रविवार को इंदौर की प्रसिद्ध संस्था सत्कार कला केंद्र द्वारा चिकित्सा जगत के भीष्म पितामह माने जाने वाले डॉ.एस के मुखर्जी की स्मृति में महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज के सभागृह में 26वां पद्मभूषण डॉ. एस के मुखर्जी स्मृति राष्ट्रीय चिकित्सा सेवा अवार्ड 2024 में मध्यप्रदेश के श्रेष्ठ चिकित्सकों को सम्मानित किया गया।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि चिकित्सा के क्षेत्र में इंदौर को विश्वभर में अलग पहचान दिलाने वाले पद्मभूषण प्रो. डॉ एस के मुखर्जी सर की स्मृति में सत्कार कला केंद्र द्वारा स्थापित इस प्रतिष्ठित अवार्ड को पाकर में अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। अभी तक कई अवॉर्ड एवं सम्मान मुझे मिल चुके हैं। परंतु मेरे जीवन में यह अवार्ड इसीलिए विशेष स्थान रखता है, क्योंकि मैं उन भाग्यशाली छात्रों में से हूं जिन्होंने अपने शुरुआती दिनों की क्लिनिकल पोस्टिंग में डॉ एस के मुखर्जी सर के दर्शन लाभ लिए थे। यह सम्मान हमेशा मुझे डॉ मुखर्जी सर द्वारा बताए हुए मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।
विज्ञापन
गोलमंडी में रहे, पिताजी भी थे शिक्षक
डॉ राकेश गुप्ता ने बताया कि वह गुरु महाराज की गली गोलमंडी में रहते थे। आज भी मैं अपने परिवारजनों से मिलने उज्जैन आता रहता हूं। आपने बताया कि पिताजी स्व. रामकिशोर जी गुप्ता दौलतगंज माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 क्षीरसागर में शिक्षक रहने के साथ ही समाजसेवा में भी अग्रणी रहते थे, जोकि महाकाल रोड पर स्थित अपंग सेवा आश्रम के कई वर्षों तक अध्यक्ष रहे। डॉ गुप्ता ने बताया कि पिताजी से ही मैंने सेवा कार्य करने की सीख ली थी और इन्हीं के पदचिन्हों पर में आगे बढ़ रहा हूं।
चिकित्सा शिक्षा के लिए प्रयासरत है डॉ. गुप्ता
डॉ. गुप्ता का मानना है कि मरीजों की सेवा के साथ ही चिकित्सा शिक्षा का विस्तार होना भी काफी आवश्यक है। जिसके लिए मैं सदैव प्रयासरत रहा हूं। न्यूरो सर्जरी एक ऐसा विषय है जिसकी शिक्षा के लिए पूर्व में मेरे द्वारा अरविंदो और महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज में नए कोर्स शुरू करने का प्रयास किया था, जोकि वर्तमान में शुरू भी हो चुके हैं। इन नए कोर्स के शुरू होने से अब न्यूरो सर्जरी के क्षेत्र में कार्य कर रहे स्टूडेंट को चिकित्सा क्षेत्र में आ रही परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि यह कोर्स शुरू होने से मेरा ड्रीम पूरा हो गया है।