उज्जैन के खाराकुआं थाना क्षेत्र स्थित तेलीवाड़ा के समीप जिस युवक को कुत्तों ने काटकर जख्मी कर दिया था, भोपाल के अस्पताल में उसका हाथ काटना पड़ा। पुलिस ने बताया, पिछले शुक्रवार की सुबह गांधीनगर के रहने वाले सलीम पिता फरीद बाइक से काम पर जा रहा था। तेलीवाड़ा के समीप वह बाइक से गिरकर घायल हो गया।
बता दें कि इस दौरान कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर उसका हाथ जख्मी कर दिया था। घायल हालत में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां हालत गंभीर होने पर उसे भोपाल के एम्स में भर्ती कराया गया था। पांच दिन चले उपचार के बाद भोपाल के चिकित्सकों को उसके हाथ के सड़ने की स्थिति को देखते हुए हाथ काटने का निर्णय लेना पड़ा। घायल सलीम के भाई जावेद ने बताया, कुत्तों के काटने से उसके भाई के हाथ में जहर फैल गया था। चिकित्सकों ने उसकी जान बचाने के लिए उसका हाथ काटने का निर्णय लिया।
इधर कुत्ते को छू लगाकर मालिक ने युवक पर कराया हमला
महाकाल थाना क्षेत्र स्थित जयसिंहपुरा में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक ने अपने पालतू कुत्ते को छू लगाकर एक युवक पर हमला करवा दिया। पुलिस ने मालिक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने बताया, जयसिंहपुरा के रहने वाले राम पिता रमेश चौधरी उम्र 15 वर्ष को पुरानी रंजिश को लेकर विनोद पिता अंबाराम ने गाली-गलौज की, उसे गाली-गलौज से मना किया तो उसने अपने पालतू कुत्ते को छू बोलकर राम पर हमला करवा दिया। कुत्ते ने राम के दाहिने जांघ पर काटकर उसे जख्मी कर दिया। पुलिस ने विनोद के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामला जांच में लिया है।