सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के दूसरे दिन 2200 से अधिक पंजीकृत यात्रियों का कारवां कानीपुरा से तराना विधानसभा क्षेत्र पहुंचा। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के तीखे बयान, अमृता राय की प्रतिक्रिया और श्रद्धालुओं का उत्साह चर्चा में रहा।
सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के दूसरे दिन राजनीति, अध्यात्म और तीखे बयानों का संगम देखने को मिला। 1000 किलोमीटर से अधिक लंबी इस गैर-राजनीतिक पदयात्रा में 2200 से अधिक पंजीकृत यात्री पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ रहे हैं। दूसरे दिन यात्रा कानीपुरा से तराना विधानसभा क्षेत्र तक पहुंची। इस दौरान मीडिया से दूरी और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के तल्ख बयान चर्चा का प्रमुख विषय रहे।
यात्रा के दौरान जब मीडियाकर्मियों ने दिग्विजय सिंह से तीखे सवाल पूछे, तो उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, "जो लोग बेशर्म होंगे, उन्हें इस यात्रा से फर्क पड़ेगा और जिनमें शर्म नहीं है, उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा।" उनके इस बयान ने राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी।
भगवान शिव के आशीर्वाद से जोड़ा बारिश को
यात्रा की आधिकारिक प्रवक्ता अमृता राय ने कहा कि यात्रा का कितना प्रभाव पड़ रहा है, इसका आकलन जनता और श्रद्धालु स्वयं करेंगे। उन्होंने बीती रात हुई बारिश का जिक्र करते हुए इसे भगवान शिव के गंगा स्वरूप आशीर्वाद से जोड़ा। उनके अनुसार, बारिश से यात्रियों का उत्साह और बढ़ा है।