उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर के प्रांगण में गुरुवार रात करीब 10 बजे आग लगने से मंदिर में हड़कंप मच गया। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिसके चलते कोई बड़ा हादसा होने से बच गया। ओंकारेश्वर मंदिर के सेवकों और सुरक्षा गार्ड ने तत्परता दिखाते हुए फायर एक्सटिंग्विशर और पानी से आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार महाकालेश्वर मंदिर में नाग पंचमी की तैयारियां जारी हैं। जिसके चलते यहां अस्थाई पुल का निर्माण किया जा रहा है। गुरुवार रात 10 बजे के लगभग गैस वेल्डिंग करने के दौरान सिलेंडर ने आग पकड़ ली। इस दौरान ओंकारेश्वर मंदिर से थोड़ी दूर पर पड़े हुए गत्ते के पेपर और प्लास्टिक बोतल जल गए। आग लगने की सूचना पाते ही ओंकारेश्वर मंदिर के सेवक और मंदिर के सुरक्षाकर्मी वहां पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। रात में अचानक हुई आगजनी की घटना से हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई थी।