उज्जैन में एक बार फिर विद्युत विभाग की घोर लापरवाही सामने आई है। शहर के महानंदा नगर जोन में बिजली कंपनी ने एक उपभोक्ता को 12 साल पुराना बकाया थमा दिया, जबकि वह उपभोक्ता महज छह महीने पहले कनेक्शन लेने वाला नया ग्राहक है। अचानक मिले इन नोटिसों से उपभोक्ता तनाव में है।
शिप्रा एवेन्यू निवासी जितेंद्र राठौर ने बताया कि महानंदा नगर जोन कार्यालय ने उनके नाम और पते पर दो अस्थायी बिजली कनेक्शनों के बकाया राशि के नोटिस भेजे हैं। इनमें सर्विस क्रमांक 3974021143 और 3974034338 पर क्रमशः 35 हजार 321 और 1 हजार 502 रुपये की देनदारी बताई गई है। जितेंद्र के अनुसार इनमें से एक बिल लगभग 12 साल पुराना है।
उपभोक्ता का कहना है कि उन्होंने करीब छह महीने पहले घरेलू श्रेणी के तहत नया बिजली कनेक्शन लिया था और तब से लेकर अब तक सभी बिल समय पर जमा कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मकान निर्माण के दौरान लिया गया अस्थायी बिजली कनेक्शन भी उन्होंने पूरा भुगतान करके बंद कराया था।
अब अचानक आए इन दोनों नोटिसों से परेशान जितेंद्र ने कहा कि वे इस मामले की शिकायत संबंधित विद्युत अधिकारियों से करेंगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग की यह लापरवाही और अव्यवस्था उपभोक्ताओं को अनावश्यक मानसिक तनाव दे रही है और विभाग के भीतर फैले भ्रष्टाचार की ओर भी संकेत करती है।
जिम्मेदारों ने ये कहा
ऐसी शिकायत हमें मिली है। जारी किए गए नोटिस की जांच करवाई जाएगी, जांच में जो भी सामने आएगा उसके हिसाब से ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- जयंत ठाकुर, ईई विद्युत मंडल
जो नोटिस जारी हुआ है वह सही हुआ है। हो सकता है उपभोक्ता ने मकान खरीदने के पहले एनओसी नहीं ली हो। इसीलिए इस प्रकार की परेशानी आ रही है।
- इंद्रपाल सिंह लोधी, एई महानंदानगर झोन, उज्जैन
विद्युत मंडल ने यह भेजे नोटिस