मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार से धर्मनगरी उज्जैन के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कई धार्मिक, सांस्कृतिक और विकास कार्यक्रमों में शामिल होंगे। दशहरे के अवसर पर निकलने वाली भगवान महाकाल की पारंपरिक सवारी में शामिल होना उनके दौरे का मुख्य आकर्षण रहेगा।
मुख्यमंत्री अपने दौरे की शुरुआत बड़नगर तहसील से करेंगे। वे रविवार दोपहर करीब एक बजे बड़नगर पहुंचकर गजनीखेड़ी माता मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़नगर क्षेत्र को 22 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात देंगे।
इनमें सात करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले ऑडिटोरियम से जुड़े कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन शामिल है। इसके अलावा उप स्वास्थ्य केंद्र और विभिन्न प्रमुख सड़कों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया जाएगा। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं और सड़क बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाना है।
धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में होंगे शामिल
बड़नगर में कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री शाम को उज्जैन पहुंचेंगे। तीन दिवसीय प्रवास के दौरान वे शहर में आयोजित विभिन्न गरबा महोत्सवों में शामिल होंगे। विजयादशमी के अवसर पर महाकाल मंदिर से दशहरा मैदान तक निकलने वाली भगवान महाकाल की पारंपरिक सवारी में शामिल होकर पूजा-अर्चना करेंगे। भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल के अनुसार, मुख्यमंत्री का यह दौरा उज्जैन के धार्मिक वैभव को बढ़ाने के साथ जिले के समग्र विकास को गति देने में महत्वपूर्ण होगा।
पढे़ं: कमलनाथ का सरकार पर हमला, बोले- मदद की पेशकश भी की; भाजपा ने किया पलटवार
सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बड़नगर विधायक जितेंद्र पंड्या, कलेक्टर रोशन सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने यातायात, बैरिकेडिंग, प्रकाश, पेयजल और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, एसपी प्रदीप शर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश जारी किए हैं।