अस्पताल में भर्ती गार्ड और चाकू मारकर भागता आरोपी
बाबा महाकाल की नगरी में शुक्रवार दोपहर दहशत फैल गई। श्री महाकालेश्वर मंदिर के धनुष द्वार के पास ड्यूटी से लौट रहे मंदिर सुरक्षाकर्मी पर तीन अज्ञात युवकों ने ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। इस वारदात के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
घायल सुरक्षाकर्मी आकाश राठौर ने अस्पताल में होश आने पर बताया कि सुबह मंदिर परिसर के बाहर हार-फूल और प्रसाद बेचने वाले तीन युवकों को उन्होंने द्वार के पास दुकान न लगाने की हिदायत दी थी। कभी-कभी अतिक्रमण हटाने को लेकर भी कहासुनी हो जाती थी। आकाश के मुताबिक दोपहर में ड्यूटी खत्म कर लौट रहा था तभी उन्हीं युवकों ने मुझे घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद साथी कर्मचारियों ने तुरंत आकाश को जिला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर चोट होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें-
दोहरे हत्याकांड में सजा-ए-मौत, पत्नी और सौतेली बेटी को बके से ताबड़तोड़ हमला कर उतारा था मौत के घाट
डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस और सीएसपी दीपक सिंह मरावी मौके पर पहुंचे। मंदिर परिसर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सीएसपी ने बताया कि आरोपियों की पहचान की जा रही है। तीन युवक बताए जा रहे हैं। पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश में लगी हैं। बहुत जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सुरक्षा पर उठे सवाल
महाकाल मंदिर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। मंदिर के मुख्य द्वार के पास ही सुरक्षाकर्मी पर इस तरह का हमला होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस का फोकस आरोपियों को पकड़ने और घायल गार्ड के बयान के आधार पर केस दर्ज करने पर है।