उज्जैन जिले के नागझिरी औद्योगिक क्षेत्र में 18 दिनों के भीतर हुई दो चोरी की घटनाओं को तीन बदमाशों ने मिलकर अंजाम दिया था। बुधवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर लेने के बाद पुलिस ने गुरुवार शाम उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों की निशानदेही पर चोरी गए अनाज समेत अन्य सामान को बरामद कर लिया गया। साथ ही, चोरी में इस्तेमाल किया गया लोडिंग वाहन भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
देवास रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में 3 से 5 अगस्त के बीच सूरज सीड्स एंड बायोटेक एग्री कोल्ड स्टोरेज से अज्ञात बदमाशों ने 20 बोरी सोयाबीन और 9 बोरी गेहूं की चोरी कर ली थी, जिसकी कीमत हजारों रुपए थी। इस मामले की शिकायत अलकापुरी निवासी कृष्णपाल सिंह सोलंकी ने नागझिरी थाना में दर्ज कराई थी। पुलिस ने बदमाशों का पता लगाने के लिए क्षेत्र में लगे कैमरों की जांच शुरू की थी।
इसके बाद, 23-24 अगस्त की रात को बिजली के उपकरण बनाने वाली एक फैक्ट्री से लाखों रुपए का सामान चोरी हो गया। इस मामले की शिकायत फैक्ट्री संचालक मोईज भाई ने थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस ने सघन जांच के बाद देवलमाता कॉलोनी पंवासा क्षेत्र में रहने वाले भगवान पिता रमेश परमार को हिरासत में लिया। चोरी का माल लोडिंग वाहन क्रमांक एमपी 09 जीडी 4112 में भरा गया था। पूछताछ में भगवान ने अपने दो साथी, संतोष निवासी टोडीघाटी सिहोर और औद्योगिक क्षेत्र की झुग्गी बस्ती में रहने वाले रवि के नामों का खुलासा किया। पुलिस ने भगवान को न्यायालय में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया, जबकि शाम को उसके दोनों साथियों को भी हिरासत में ले लिया गया।
देवास में ठिकाने लगाने की योजना थी
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद कोल्ड स्टोरेज से चोरी की गई 29 बोरी अनाज बरामद कर ली है। इन बोरियों को लोडिंग वाहन के जरिए देवास अनाज मंडी में ठिकाने लगाने की योजना थी, लेकिन उन्हें पहले ही छुपा दिया गया था। वहीं, फैक्ट्री से चोरी किए गए करीब दो लाख से अधिक के माल को बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।