मोबाइल डिस्ट्रीब्यूटर बताकर दुकान संचालक से ठगे 2 लाख, क्यूआर कोड से लिए रुपए
उज्जैन जिले में मोबाइल दुकान चलाने वाले युवक को एक शातिर बदमाश ने मोबाइल डिस्ट्रीब्यूटर बताकर 2 लाख रुपये ठग लिए। बदमाश ने दुकान वाले को उनकी पूरी गतिविधियों की जानकारी दी और क्यूआर कोड भेजा। मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जीवाजीगंज थाना के एसआई डीएस रावत ने बताया कि नयापुरा में रहने वाले प्रतिक पिता रमेशचंद्र जैन ने 2 लाख की धोखाधड़ी होने की शिकायत लिखित में दी थी। जांच के बाद मामले में अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया है। एसआई रावत ने बताया कि प्रतिक जैन मोबाइल दुकान संचालित करता है। 21 अक्टूबर को उसके मोबाइल पर एक कॉल आई, जिसमें बताया गया कि वह भोपाल से बोल रहा है और मोबाइल डिस्ट्रीब्यूटर है। उसने खुद को जैन समाज का बताया। प्रतिक भी जैन समाज से है, इसलिए वह उसकी बातों में आ गया। मोबाइल धारक ने प्रतिक की दुकान से संबंधित जानकारी दी और उसकी दुकान की गतिविधियों के बारे में बताया। उसकी बात सुनकर प्रतिक को विश्वास हो गया।
उसने 7 से 8 मोबाइल का ऑर्डर दे दिया। कॉल करने वाले ने मोबाइल पर ही क्यूआर कोड भेजा और 2 लाख रुपये भेजने की बात करते हुए 2 दिन में मोबाइल की डिलीवरी करने का आश्वासन दिया। प्रतिक ने क्यूआर कोड स्कैन कर रुपये का ट्रांजेक्शन कर दिया। 2 दिन बाद जब मोबाइल डिलीवर नहीं हुए, तो उसी नंबर पर कॉल किया गया, लेकिन स्विच ऑफ था। लगातार कॉल करने पर संपर्क नहीं हुआ, तो धोखा होने का आभास होते ही वह थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
अवंतिका गैस के नाम पर धोखाधड़ी
शहर में इन दिनों अवंतिका गैस एजेंसी के नाम से बिल बकाया होने के कॉल शातिर बदमाशों द्वारा किए जा रहे हैं और लोगों को गैस एजेंसी का ऐप भेजकर ओटीपी मांगा जा रहा है। जिसके माध्यम से खातों से राशि निकाली जा रही है। ऐप पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो रहा है। ऐसा ही एक मामला महानंदानगर में रहने वाली रश्मि जैन के साथ हुआ। 28 अक्टूबर की शाम मोबाइल पर 9263864587 से कॉल आया और अवंतिका गैस पाइपलाइन का बिल बकाया होने का झांसा देकर मोबाइल हैक कर लिया गया, जिसके बाद खाते से 3 बार में ट्रांजैक्शन कर 1 लाख रुपये निकाल लिए गए। एक मामला नीलगंगा थाने पर भी पहुंचा, जिसकी शिकायत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर की गई। शहर में कई लोगों के पास ऐसे कॉल आ रहे हैं। पूर्व में भी कई लोगों को अलग-अलग नंबरों से कॉल कर ठगा जा चुका है।
पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
अवंतिका गैस एजेंसी के नाम पर हो रही धोखाधड़ी को लेकर पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए मोबाइल पर आने वाले अंजान नंबरों के कॉल करने वालों की बातों पर विश्वास न करने की सलाह दी है। उनके द्वारा बताए गए किसी भी ऐप का डाउनलोड न करें। कॉल करने वालों को अपनी बैंक संबंधी किसी भी प्रकार की जानकारी न दें। किसी भी प्रकार का संदेह होने पर अवंतिका गैस एजेंसी के लैंडलाइन पर संपर्क करें।