पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार गोसलपुर जबलपुर मार्ग स्थित सत्यम रजक लगभग दो बजे पंप की बिक्री राशि 1 लाख 28 हजार रुपये लेकर बैंक में जमा करने जा रहा था। जब वह थाने के करीब सौ मीटर की दूरी पर पहुंचा, उसी समय पीछे से आये बाइक सवारों ने उसकी आंख में मिर्च पाउडर फेंका और कट्टे से फायर कर दिया।
गोली सत्यम के पेट में जा धंसी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। जिसके बाद हमलावर सत्यम के पास से रुपयों का बैग छीनकर भाग खड़े हुए। राहगीरों की सूचना पर तत्काल ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सत्यम को उपचार के लिये सिहोरा अस्पताल भिजवाया गया। जहां उसकी हालत को देखते हुए उसे उपचार के लिये मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया।
नाकेबंदी के साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले
वारदात के बाद सूचना पर एएसपी ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा, सिहोरा एसडीओंपी व गोसलपुर थाना प्रभारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। जिन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए मामले की जांच पड़ताल शुरु की। इस दौरान पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में नाकेबंदी भी की, लेकिन रात तक बदमाशों का कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा था।