उज्जैन पुलिस ने क्राइम ब्रांच के नाम से शेयर कारोबारी को धमकाने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर ये युवक शेयर कारोबारी को धमका रहे थे। जब असली पुलिस इनको पकड़ने पहुंची तो एक बार तो उनको भी धमका दिया, जिससे पुलिस भी हैरान हो गई। बाद में इन्हें पकड़ा। आरोपियों के पास से वायरलैस सेट सहित नकली आईडी जब्त की गई है।
जानकारी के मुताबिक मक्सी रोड पर अजय सिंह पंवार का एंजेल ब्रोकिंग नाम से ऑफिस है। अजय सिंह इसमें मैनेजर हैं। शुक्रवार दोपहर कार क्रमांक एमपी 04 सीएस 8661 से तीन युवक उनके ऑफिस पहुंचे। यहां दो युवकों ने पुलिस लिखे आईडी कार्ड निकाले और कर्मचारियों को दिखाकर कहा कि हम क्राइम ब्रांच भोपाल से आए हैं। ऑफिस में लोगों से धोखाधड़ी की शिकायत मिली है। सभी अपने-अपने मोबाइल जमा कर दो। कर्मचारियों के मोबाइल एकत्रित करने के बाद युवकों ने कहा कि मामला निपटाना है तो 25 लाख रुपये का इंतजाम कर लो वरना सभी को जेल में सड़ा देंगे।
युवकों पर शंका हुई तो अजय सिंह ने क्राइम ब्रांच उज्जैन को सूचना दी जहां से तीन पुलिसकर्मी सादी वर्दी में एंजेल ब्रोकिंग के ऑफिस पहुंचे। उन्हें युवक पहचान नहीं पाए और धमकाकर एक जगह बैठने को कह दिया। असली क्राइम ब्रांच के पुलिसकर्मी भी सकते में आ गए लेकिन युवकों के आईडी और नकली वॉकी टॉकी देखकर मामला समझ गए। बाद में माधव नगर से पुलिसकर्मियों को बुलाया और तीनों को पकड़कर थाने ले गए। पुलिस ने थाने लाकर युवकों से पूछताछ की तो उन्होंने अपने नाम आशुतोष गर्ग, आशीष चावड़ा और सुनील यादव बताए। पुलिस पकड़े गए युवकों के परिजनों और आपराधिक रिकार्डों की जांच कर रही है। अफसरों ने बताया कि इस बात का पता लगा रहे है कि युवकों ने पूर्व में और कहां-कहां वारदात की है।