धर्मनगरी उज्जैन में विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी 24 फरवरी को उज्जैन आएंगे। इस दौरान वे नवीन स्वीकृत मार्गों का कार्य शुरू करने की घोषणा भी करेंगे। इंदिरा नगर में कार्यक्रम होगा, जिसके लिए मंच, पंडाल बनाया गया है। दोपहर करीब 12 बजे गडकरी का इंदौर आगमन हुआ। एयरपोर्ट पर जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। केंद्रीय मंत्री यहां से गडकरी उज्जैन जाएंगे और वहां आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। मंत्री सिलावट ने केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्रालय द्वारा सांवेर क्षेत्र में महत्वपूर्ण सड़कों की स्वीकृति के लिए आभार जताया।
जानकारी के मुताबिक केंद्रीय मंत्री गडकरी उज्जैन-आगर- झालावाड़ रोड चौड़ीकरण और देवास-उज्जैन-बदनावर फोरलेन मार्ग निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) आठ माह पहले उज्जैन- झालावाड़ रोड को 10 मीटर चौड़ा करने और देवास- उज्जैन-बदनावर फोरलेन मार्ग का निर्माण करवा रहा है। हालांकि इसका भूमिपूजन काम की शुरुआत के पहले होना था लेकिन मंत्री गडकरी के समयाभाव के कारण ऐसा नहीं हुआ और प्रोजेक्ट आरंभ हो गया। सांसद अनिल फिरोजिया ने बताया कि मंत्री गडकरी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे और पिछले साल स्वीकृत सड़कों का काम जल्द शुरू करवाने की घोषणा करेंगे। मंत्री से उज्जैन-उन्हेल-नागदा-जावरा मार्ग को फोरलेन में तब्दील करने की मांग भी की जाएगी। सांसद के अनुसार पिछले वर्ष उज्जैन-बड़नगर-बदनावर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किया था। उज्जैन से पीथमपुर इंडस्ट्रीयल क्षेत्र तक एक नया रोड बनाने, नागदा-जावरा टूलेन को फोरलेन में तब्दील करने, इंदौर रोड को सिक्स लेन में तब्दील करने करने की मांग को मंत्री गडकरी ने मौखिक स्वीकृति भी दी थी।
सिंहस्थ महाकुंभ से पहले चौड़ी होगी हर सड़क
गौरतलब है कि उज्जैन- देवास फोरलेन निर्माण प्रोजेक्ट 716 करोड़ रुपये का है। 41.42 किलोमीटर लंबा देवास रोड, फोरलेन में तब्दील हो रहा है। निर्माण कार्य करीब 30 प्रतिशत हुआ है। देवास-उज्जैन रोड स्थित अमलतास अस्पताल से बायपास निकलकर यह शिप्रा गांव में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ रहा है। फोरलेन का निर्माण दो वर्ष में पूर्ण करने का अनुबंध हरियाणा की गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी से हुआ है। फोरलेन से नया मार्ग इंदौर-देवास सिक्सलेन से कटकर देवास रोड पर अमलतास अस्पताल के पास जुड़ेगा। इस नए मार्ग की लंबाई 15 किलोमीटर के आसपास होगी। सांसद फिरोजिया ने कहा कि आगामी सिंहस्थ महाकुंभ से पहले धर्मनगरी उज्जैन से जुड़ने वाली हर सड़क चौड़ी होगी। सड़कों के चौड़ीकरण से और नए मार्गों के निर्माण से उज्जैन का आर्थिक और सामाजिक विकास होगा। आवाजाही आसान, सुरक्षित होगी। कम समय में यात्रा पूर्ण हो सकेगी।
सीएम शिवराज सहित अन्य जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद
मंत्री गडकरी कोठी पैलेस के पास बने दिव्यांग पार्क का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर दर्शन करेंगे। बाद में मकोड़ियाआम चौराहा आगर रोड उज्जैन के पास दोपहर 1.30 बजे विभिन्न सड़कों के शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम में सीएम शिवराज सिंह सहित केन्द्रीय भूतल परिवहन राज्यमंत्री डॉ.वी.के. सिंह, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव, वित्त एवं वाणिज्य कर मंत्री जगदीश देवड़ा, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राज्यवर्धनसिंह दत्तीगांव, एमएसएमई मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री हरदीपसिंह डंग, लोक निर्माण राज्यमंत्री सुरेश धाकड़, सांसद अनिल फिरोजिया, महेन्द्रसिंह सोलंकी, रोड़मल नागर, छतरसिंह दरबार, दुष्यंतसिंह व सुधीर गुप्ता भी उपस्थित रहेंगे।