शादी समारोह में चोरी करने वाले आरोपी पति पत्नी
- फोटो : सोशल मीडिया
शादी समारोह में जेवरों का बैग पार करने वाले पति-पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पति-पत्नी रिश्तेदारों की तरह तैयार होकर शादी समारोह में शामिल होते थे और बाद में जेवरों से भरा बैग लेकर फरार हो जाते थे।
जानकारी के अनुसार आरोपी पति जबलपुर के गढ़ा इलाके के हनुमान मंदिर में पंडिताई का काम करता है। चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले पत्नी रेकी किया करती थी। वहीं शादी में शामिल होने के लिए रात में दंपति सज धज कर शादी में खास मेहमान बनकर शामिल हो जाते थे और दुल्हन के कमरे में पहुंचकर गहनों से भरा बैग पार कर देते थे।
पति-पत्नी की जोड़ी ने विजय नगर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह से 3 लाख रुपये के जेवर चोरी किए थे। आरोपी बीते दो सालों से गढ़ा में रह रहे थे। 6 महीने पहले दोनों पति-पत्नी ने अपने मकान मालिक के यहां भी हाथ साफ किया था। आरोपियों ने चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया है।
आरोपी दंपति ने विजयनगर थाना क्षेत्र में शहपुरा निवासी रानू बरमैया की शादी में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। वधु पक्ष ने वरमाला के पहले गहने ट्राली बैग में रखे थे और नकली गहने पहनकर शादी समारोह में चले गए थे। आरोपियों ने घटना से पहले ही समारोह स्थल की अच्छे से रेकी कर ली थी और शादी वाले दिन तीन लाख के गहने जिस ट्रॉली बैग में थे उसे उठाकर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के गहने बरामद कर लिए हैं।