मध्य प्रदेश सहकारिता विभाग में फर्जी नियुक्ति आदेश जारी करके नौकरी दिलाने का मामला सामने आया है। सूचना पर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों ने बताया कि उज्जैन के एक व्यक्ति ने एक-एक लाख रूपए में उन्हें नौकरी दिलाने की बात कही थी।
यह मामला उस समय प्रकाश में आया जब धार जिले का रहने वाला धर्मेन्द्र सिंह विभाग में उप अंकेक्षक पद पर नौकरी ज्वाइन करने झाबुआ के उपायुक्त कार्यालय पहुंचा। और उसने उपायुक्त को एक नियुक्ति आदेश देकर कार्यभार ग्रहण कराने को कहा। नियुक्ति आदेश में सील और हस्ताक्षर पर शक हुआ तो तत्काल जांच की गई, वह फर्जी निकला।
इसके बाद झाबुआ कलेक्टर जयश्री कियावत की सूचना पर पुलिस ने तत्काल धर्मेन्द्र सिंह समेत दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उज्जैन के एक व्यक्ति ने इनसे एक-एक लाख रूपए में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया था।
सभी ने साठ-साठ हजार रूपए दिए थे, कार्यभार ग्रहण करने के बाद शेष रूपए देने थे। पुलिस उज्जैन के उक्त व्यक्ति की तलाश कर रही है।