मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में बच्चियां, युवतियां या आम आदमी कोई सुरक्षित नहीं रह गया है। पिछले सप्ताह शहर में दो बच्चियों के साथ बलात्कार की वीभत्स घटनाएं हुईं। मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि रविवार को एक और घटना का खुलासा हुआ। शहर की एक युवती से सड़क पर कुछ मनचलों ने बदतमीजी की, जिसकी वजह से वह जानलेवा दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बची।
कुछ मनचले स्कूटी से जा रही एक युवती का बाइक से पीछा करते हुए उसे परेशान कर रहे थे। इतना ही नहीं, उन्होंने चलती हुई स्कूटी से युवती की स्कर्ट खींचने की कोशिश की, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गिर गई। युवती ने पूरी घटना को अपने ट्विटर पर शेयर किया, जिसके बाद कई लोग उसके समर्थन में लिखने लगे। कुछ जागरूक लोगों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को ट्वीट पर ही घटना की जानकारी देते हुए उनसे कड़ी कार्रवाई की मांग की।
भरी सड़क पर बदतमीजी
युवती ने एक और ट्वीट करके लिखा कि मनचले उसका स्कर्ट खींचते हुए पूछ रहे थे कि 'दिखाओ इसके नीचे क्या है'। इस पूरी घटना के दौरान सड़क पर लोगों की आवाजाही जारी थी पर किसी ने भी बदमाशों को रोकने की या उनकी बाइक का नंबर नोट करने की कोशिश नहीं की।
मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत राज्य के पुलिस महानिदेशक और इंदौर के कलेक्टर को कार्रवाई करने के निर्देश ट्विटर पर ही जारी किया।