मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले की दो लड़कियों, गायत्री रैकवार और क्रांति श्रीवास ने अपनी समलैंगिक शादी सबके सामने स्वीकार कर ली है। दोनों ने नौगांव तहसील में जाकर शपथ पत्र जमा किया और साथ रहने का फैसला किया है। इनके परिवार वालों को पहले इस बारे में जानकारी नहीं थी।
छतरपुर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र के मऊसानिया गांव से एक बार फिर समलैंगिक विवाह का मामला सामने आया है। गांव की दो युवतियों 24 वर्षीय गायत्री रैकवार और 21 वर्षीय क्रांति श्रीवास ने नौगांव तहसील में उपस्थित होकर अपने समलैंगिक विवाह को लेकर शपथ पत्र दाखिल किया है। दोनों ने अपने हलफनामे में बताया कि उन्होंने 9 दिसंबर 2023 को आपसी सहमति से विवाह किया था, लेकिन अब तक यह बात परिजनों से छिपाकर रखी गई थी। अब वे अपने रिश्ते को सार्वजनिक कर रही हैं।
विज्ञापन
दोनों युवतियों ने कहा है कि वे अपना जीवन अपने तरीके से जीना चाहती हैं और इस रिश्ते में पूरी तरह संतुष्ट हैं। वहीं, गायत्री के पिता ने मीडिया से कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। हालांकि उन्होंने यह जरूर बताया कि दोनों युवतियां अक्सर एकसाथ ही कहीं जाती थीं, लेकिन शादी की जानकारी अब जाकर मिली है।
यह नौगांव थाना क्षेत्र में दूसरी बार है जब दो युवतियों द्वारा समलैंगिक विवाह की सूचना सामने आई है। हालांकि भारत में समलैंगिक संबंधों को कानूनी मान्यता तो है, लेकिन समलैंगिक विवाह को अभी विधिक मान्यता नहीं मिली है। इस घटना से क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।