सीहोर जिले की आष्टा तहसील में तीन तलाक का मामला सामने आया है। आरोपी पति आए दिन दहेज व अन्य कारणों से अपनी पत्नी को प्रताड़ित कर रहा था। इसके साथ ही आरोपी ने तीन तलाक कहकर पत्नी को घर से निकाल दिया। आरोपी के साथ उसका पिता भी शामिल था। पुलिस ने दोनों पिता-पुत्र के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
आष्टा नगर के हाथीखाना निवासी इरफान खान ने अपनी पुत्री अमरीन बी की शादी 15 मई 2015 को छात्रावास आष्टा निवासी मो. अनीस पुत्र रईस खां से की थी। शादी के बाद से ही आरोपी मोहम्मद अनीस द्वारा आए दिन दहेज के लिए गाली गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। इसके बाद भी अमरीन ससुराल में रह रही थी। इसी बीच अमरीन ने एक पुत्री को जन्म दिया। जो लगभग 4 साल की है।
उसके बाद से आरोपी पति अनीस और परेशान करने लगा। उसने यह कहते हुए घर से निकाल दिया कि मैं तुझे अब तलाक देता हूं और तीन बार तलाक कहकर घर से निकाल दिया। फरियादी अमरीन अपने पिता के घर आकर परिजनों को लेकर थाने पहुंची। पुलिस ने आरोपी इमरान, रईस खां के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। इन पर दहेज प्रताड़ना के मामले में भी कार्रवाई की जाएगी।