मंडला में प्रतिमाओं की स्थापना के लिए भूमिपूजन करते हुए शिवराज सिंह चौहान।
- फोटो : सोशल मीडिया
प्रतिमा स्थापना के लिए भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने मंडला शहर के किला परिसर में राजा शंकर शाह, रघुनाथ शाह की प्रतिमा स्थल का किया भूमिपूजन किया। अनेक विकास कार्यों का शिलान्यास और भूमिपूजन भी किया। रामनगर मंडला में आयोजित जनजाति गौरव सप्ताह समापन कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का जनजाति परंपरा से स्वागत किया गया।
राशन आपके गांव योजना
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि जनजाति गौरव सप्ताह आपकी जिंदगी बदलने का अभियान है। 89 आदिवासी ब्लॉक में राशन आपके गांव योजना शुरू की गई है। अब राशन की दुकान पर नहीं आना पड़ेगा। गाड़ी भी जनजाति भाई की ही होगी। गाड़ी खरीदने के लिए बैंकों में गारंटी भाजपा सरकार लेगी। मार्जिन मनी भी सरकार जमा कराएगी। गाड़ी वाले जनजाति भाई को 26 हजार रुपये दिए जाएंगे।
गोंडवाना आकर धन्य हो गया
शिवराज ने कहा कि मैं धन्य हूं कि 52 गढ़ों के गोंडवाना राज्य की राजधानी में मैं आपके सामने हूं।पूर्व में रतनपुर (बिलासपुर), पश्चिम में मकड़ाई (हरदा), उत्तर में टीकमगढ़ (चंदेरी) और दक्षिण में पलसगढ़/ बैरागढ़ (चंद्रपुर महाराष्ट्र) तक गोंडवाना राज्य की कीर्ति फैली थी। हमारा गोंडवाना किसी के सामने झुका नहीं, गर्दन कटा ली लेकिन सिर नहीं झुकाया। चाहे संग्राम शाह हो, चाहे दलपत शाह हों, वीरांगना रानी दुर्गावती हों, रानी कमलापति हो, क्रांतिकारी शंकर शाह हों या रघुनाथ शाह हों, उन्होंने गोंडवाना का साम्राज्य स्थापित करके गोंडवाना के क्षेत्र की जनता की सेवा की थी।
गोंडवाना का वैभव लौटेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि जबलपुर में आधारताल, रानीताल, चेरीताल चले जाओ। पानी का महत्व दुनिया आज जान रही है। हमारे गोंडवाना राजाओं ने आज से सैकड़ों साल पहले पानी का महत्व जानकर इसका इंतजाम किया था। मैं आपसे कहता हूं, गोंडवाना का वैभव फिर से वापस आएगा। जैसे गोंडवाना में राजा संग्राम शाह ने सोने के सिक्के चलाए, वैसे ही हम सभी के जीवन में भी संपन्नता आए, उसके लिए मैं हमेशा संघर्ष करूंगा।
हम सब भाई-भाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं सभी पुरखों को सेवा का मान करता हूं। मैं हमेशा से सगा समाज के साथ खड़ा हूं। मेरे बचपन के साथी भी अपने सगा समाज से थे। जैसे नर्मदा माई आपकी माई हैं, मैं भी जैत में मां नर्मदा की गोद में पला हूं, अगर नर्मदा हम सबकी माई हैं तो हम सब भाई-भाई हैं। बोलो नर्मदा माई की जय।
मंडला-डिंडोरी के 446 गांवों को नल से पानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडला, डिंडौरी जिले के 446 गांव में आलोन समूह जल प्रदाय योजना के अंतर्गत पाइप लाइन बिछाकर नल से पानी देने के लिए 613.30 करोड़ रुपये स्वीकृत कर रहे हैं। मंडला में कम्प्यूटर कौशल केंद्र और पुस्तकालय का नाम राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह के नाम पर किया जाएगा। महिला पॉलीटेक्निक कॉलेज, मंडला का नाम रानी फूल कुंवर के नाम पर रखा जाएगा। मंडला जिले में 9 सीएम राइज स्कूल खोले जाएंगे।