कार्यालय पहुंचे नई कमेटी के सदस्य।
- फोटो : अमर उजाला
टीकमगढ़ शहर के बक्फ ईदगाह कमेटी में विवाद का मामला सामने आया है। नवीन अध्यक्ष ने अपने सदस्यों के साथ पहुंचकर कार्यालय का ताला खुलवाया और प्रवेश किया। उन्होंने पूर्व अध्यक्ष पर कार्यभार नहीं सौंपने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वह कई बार टीकमगढ़ जिला प्रशासन को अवगत करा चुके हैं, लेकिन पूर्व अध्यक्ष द्वारा कार्यभार नहीं दिया जा रहा था, जिसके चलते उन्होंने आज सदस्यों के साथ ईदगाह प्रबंध कमेटी के कार्यालय में पहुंचे और उन्होंने अपना पदभार ग्रहण कर लिया है।
पूर्व अध्यक्ष नहीं छोड़ रहे थे प्रभार
कमेटी के वर्तमान अध्यक्ष सरफराज अहमद ने बताया कि नई कमेटी को बने हुए करीब 6 माह का समय हो गया है, लेकिन पूर्व अध्यक्ष द्वारा अपना कार्यभार नहीं दिया जा रहा था। इस संबंध में पूर्व कमेटी के अध्यक्ष शरीफ खान को नोटिस जारी किया गया था। इसके साथ ही प्रशासक टीकमगढ़ एसडीएम को भी आवेदन दिया गया था, लेकिन वह अपना पद छोड़ने को तैयार नहीं थे। इसके चलते आज ईदगाह पहुंचकर दफ्तर का ताला खुलवाया और पंचनामा की कार्रवाई के बाद ईदगाह में दाखिल हो गए। इस दौरान नई कमेटी के सदस्यों ने पंचनामा बनाकर दफ्तर में रखी अलमारी में चस्पा कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब नई कमेटी ईदगाह की व्यवस्थाओं का संचालन करेगी।
नई कमेटी की ओर से नहीं दी गई जानकारी
इस मामले में कमेटी के पूर्व अध्यक्ष शरीफ का कहना है कि नई कमेटी की ओर से उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई। न ही बक्फ बोर्ड की ओर से उन्हें चार्ज देने का आदेश दिया गया। इस तरीके से ईदगाह में दाखिल होकर नवीन कमेटी के अध्यक्ष ने ताला डाला है। वह गलत है। इस पर कानूनी कार्रवाई करेंगे। नवीन अध्यक्ष सरफराज अहमद ने बताया कि वह इस संबंध में कई बार टीकमगढ़ कलेक्टर और एसडीएम को लिखकर दे चुके हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की जा रही थी। आखिरकार सभी सदस्यों ने एक साथ मिलकर के आज अपने ऑफिस में प्रवेश किया है। उन्होंने कहा कि ईदगाह प्रबंध कमेटी के नए अध्यक्ष के तौर पर आज पदभार ग्रहण कर लिया है। इसके संबंध में उन्होंने एसडीएम को पत्र सौंपा है।
नए अध्यक्ष सरफराज अहमद ने बताया कि पूर्व अध्यक्ष द्वारा चार्ज न देने के चलते ईदगाह के कार्यों में ईदगाह संचालन में समस्या का सामना करना पड़ रहा था। लगातार ईदगाह प्रबंधन कमेटी की लोग मुझे शिकायत कर रहे थे। ऐसी स्थिति में ईदगाह कार्यालय और ईदगाह से संबंधित प्रभार पंचों के समक्ष प्राप्त कर लिया। कमेटी के कार्यों का संचालन भी आरंभ कर दिया गया है। उन्होंने ईदगाह बाजार के सभी दुकानदारों को सूचित कर दिया है।