मामले का खुलासा करते जतारा एसडीओपी
टीकमगढ़ मध्य प्रदेश। जिले के कंदवा गांव में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया है। मात्र तीन हजार के लेनदेन को लेकर व्यक्ति की हत्या की गई।
टीकमगढ़ जिले के जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि जतारा पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले कदवा गांव में 31 दिसंबर की रात्रि भगवानदास वंशकार उम्र 45 वर्ष की हत्या कर दी गई। इस मामले में मृतक की पुत्री की ओर से गांव के ही चार लोगों के खिलाफ पुलिस थाने में आवेदन दिया गया था, जिस पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया था।
जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पैसों के लेनदेन पर गांव के ही रहने वाले किशोरी अहिरवार उसके लड़के पुष्पेंद्र, अरविंद एवं एक नाबालिग ने विवाद पर कुल्हाड़ी और डंडों से उसकी हत्या कर दी थी। मामले में जतारा पुलिस थाने में चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जतारा एसडीपी अभिषेक गौतम ने निरीक्षण किया था। घटना के बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। उन्होंने बताया कि टीकमगढ़ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया था। 24 घंटे के अंदर पुलिस ने मुखबिर की सूचना एवं साइबर सेल की सहायता से इन सभी आरोपियों को गांव के पास से गिरफ्तार किया है।
पैसों की लेनदेन पर हुआ था विवाद
जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि मृतक ने अपने खेत पर भाड़े पर ट्रैक्टर चलवाया था, लेकिन पैसे नहीं दिए थे। उन्होंने बताया कि करीब 3 हजार का लेनदेन था। लगातार पैसे मांगे जा रहे थे और मृतक देने से मना कर रहा था। इसी बात को लेकर के दोनों में विवाद हुआ और आरोपी पिता और उसके तीन पुत्रों ने लाठी डंडे और कुल्हाड़ी से उसकी हत्या कर दी।
पकड़े गए सभी आरोपी
कंदवा गांव में व्यक्ति की हत्या करने वाले पिता और उसके तीन पुत्रों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि पिता किशोरी अहिरवार उसके पुत्र पुष्पेंद्र अहिरवार दूसरे पुत्र अरविंद अहिरवार और उसके एक नाबालिग पुत्र को गिरफ्तार किया गया है।