सार
टीकमगढ़ के दिगौड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पूनोल में नवविवाहिता संजना दांगी ने कथित तौर पर अपने दो वर्षीय बच्चे की फांसी लगाकर हत्या करने के बाद स्वयं भी आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है, लेकिन कारणों की पुष्टि जांच के बाद होगी।
जिले के दिगौड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पूनोल में बुधवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नवविवाहिता संजना दांगी ने कथित तौर पर अपने दो वर्षीय बच्चे को फांसी लगाकर मौत के घाट उतार दिया और इसके बाद स्वयं भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों के बीच कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही दिगौड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल इस बात का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है कि महिला ने इतना बड़ा और दर्दनाक कदम किन परिस्थितियों में उठाया। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मृतका के मायके पक्ष सहित अन्य परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें-
दरिंदा बाप: मना करने पर भी कर रहा था शोर, गुस्से में पिता ने तीन साल के मासूम की हथौड़ी मार-मारकर ले ली जान
प्रारंभिक रूप से सामने आ रही जानकारी और सूत्रों के अनुसार घटना के पीछे घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक घरेलू विवाद को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी। इसके साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर पूरे मामले की जांच आगे बढ़ाई जाएगी।
एक मां द्वारा अपने मासूम बच्चे की जान लेने और फिर स्वयं आत्महत्या कर लेने की इस घटना ने पूनोल गांव सहित पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल दिगौड़ा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।