छिंदवाड़ा के आनंदम टाउनशिप में 3 बदमाशों ने एक शिक्षक को लगभग 12 घंटे तक बंधक बनाकर मारपीट की और डरा धमकाकर उनके खाते से नकदी ट्रांसफर करा ली। गनीमत यह रही कि समय रहते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। रुपये ट्रांसफर कराने के बाद आरोपी शिक्षक के साथ कोई बड़ी वारदात को अंजाम देते उससे पहले पुलिस को इसकी भनक लग गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया।
टीआई राकेश भारती ने बताया कि त्रिलोकी नगर निवासी शिक्षक 46 वर्षीय नंदकुमार डेहरिया के मकान में लगभग सालभर पूर्व किराए से संतोष सोनी रहता था। मकान खाली करते वक्त संतोष पर किराए की राशि बाकी थी। शुक्रवार को संतोष ने बाकी किराया देने का झांसा देकर नंदकुमार को आनंदम टाउनशिप स्थित अपने किराए के मकान में बुलाया। यहां पहुंचे नंदकुमार से संतोष और उसके दो साथियों ने मारपीट की। मारपीट के बाद उसके हाथ-पैर रस्सी से बांधकर बंधक बना लिया। इस दौरान आरोपियों ने नंदकुमार को डरा धमकाकर उसके खाते से बीस हजार रुपये किसी अन्य खाते में ट्रांसफर करा लिए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शिक्षक को आरोपियों के चुंगल से छुड़ाया और दो बदमाशों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी फरार हो गया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ धारा 294, 323, 347, 386, 506, 34, एससीएसटी एक्ट की धारा 3 ( 1 ) द, 3 ( 1 ) ध, 3 (2) (वीए) के तहत मामला दर्ज किया है।