सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने व्यापमं की पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा-2013 के एक मामले में दो आरोपियों आशीष अवलिया और जय सिंह हांडा को पांच साल की जेल और जुर्माने की सजा सुनाई है। बुधवार को विशेष न्यायाधीश संजय पांडे ने यह फैसला सुनाया।
जानकारी के अनुसार व्यापमं द्वारा वर्ष 2013 में आयोजित पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा में आशीष अवलिया के स्थान पर जय सिंह हांडा ने परीक्षा दी थी और चयन होने के बाद आशीष की मध्यप्रदेश के शाजापुर में नियुक्ति भी हो गई थी।
जांच में यह भी सामने आया था कि इस मामले में एक अन्य आरोपी अमर सिंह सिसोदिया ने बिचौलिये की भूमिका निभाई थी। बाद में अमर सिंह सिसोदिया की मौत हो गई थी। लिहाजा सीबीआई ने आरोपी आशीष और जयसिंह के खिलाफ चालान पेश किया था।