कमलनाथ-शिवराज सिंह चौहान (फाइल फोटो)
- फोटो : Facebook
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के काफिले के वाहनों की भोपाल के वीआईपी रोड पर टक्कर की खबर गलत है। भोपाल के एडीजी ने यह जानकारी दी। दरअसल, कुछ खबरों में बताया गया था कि सीएम शिवराज के काफिले के वाहनों की टक्कर, दिल्ली से लौट रहे कमलनाथ के काफिले के वाहनों से हो गई।
कमलनाथ के काफिले के दो वाहन भिड़े थे
भोपाल एडीजी ने कहा, 'मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व सीएम कमलनाथ के काफिले के वाहनों की भोपाल में टक्कर की खबर गलत है। सच्चाई यह है कि कमलनाथ के काफिले के वाहनों की ही आपस में टक्कर हुई है। इसमें मुख्यमंत्री के काफिले का वाहन शामिल नहीं है। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। '
दरअसल, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि सीएम शिवराज सिंह चौहान और पूर्व सीएम कमलनाथ के काफिले की गाड़ियां सोमवार सुबह वीआईपी रोड पर आपस में टकरा गईं। रिपोर्ट्स में बताया गया कि सीएम शिवराज सिंह चौहान सुबह औचक निरीक्षण पर निकले थे, इसी दौरान दिल्ली से भोपाल लौटे पूर्व सीएम कमलनाथ का काफिला भी यहीं से निकला और इस दौरान गाड़ियां टकरा गईं। हालांकि, अब यह स्पष्ट हो चुका है कि ये खबर फर्जी है।