मनोकामनाएं पूरी होने की मान्यता
स्थानीय श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद पूरी होती है। संकटों से मुक्ति, साहस और सफलता की कामना लेकर लोग बड़ी संख्या में यहां पहुंचते हैं। यही आस्था इस मंदिर को खास पहचान दिलाती है।
हनुमान जयंती पर उमड़ती है भीड़
हनुमान जयंती के अवसर पर इस मंदिर का महत्व और बढ़ जाता है। हर साल इस दिन यहां हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। सुबह से ही मंदिर में लंबी कतारें लग जाती हैं और पूरा परिसर भक्ति के माहौल में डूब जाता है।
नियमित दिनों में भी रहता है आकर्षण
वैसे तो हर मंगलवार और शनिवार को यहां भक्तों की अच्छी-खासी भीड़ रहती है, लेकिन हनुमान जयंती पर यह संख्या कई गुना बढ़ जाती है और मंदिर आस्था के बड़े केंद्र के रूप में नजर आता है। पिछले कई वर्षों से हर मंगलवार यहां पर भंडारे का आयोजन किया जाता है खास बात है कि भंडारे में मिलने वाला प्रसाद बनाने का काम भक्त मंडल ही करता है।
नौका विहार से लेकर 11 हजार भक्तों के भंडारे तक खास इंतजाम
भक्त मंडल के हेमंत साहू ने बताया कि हनुमंत जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य एवं दिव्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। महोत्सव के दौरान श्री हनुमान सरकार का आकर्षक नौका विहार कराया जाएगा। वहीं काशी के विद्वान ब्राह्मणों द्वारा विशेष महाआरती भी आयोजित होगी, जो श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण रहेगी।
पढे़ं: गुना में निजी स्कूल पर गंभीर आरोप, बीमार छात्रा के इलाज में बाधा; दो बहनों को थमाई टीसी
भव्य आतिशबाजी से आसमान जगमगाएगा
कार्यक्रम में भव्य आतिशबाजी से आसमान जगमगाएगा। इसके साथ ही 11 हजार श्रद्धालुओं के लिए विशाल नगर भंडारे की व्यवस्था की गई है, जहां भक्त प्रसादी ग्रहण करेंगे।
धार्मिक आयोजन के साथ सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिलेगा। भजन संध्या में भोपाल के चेतन शर्मा और देवास की वैशाली जायसवाल सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे।
आयोजन समिति श्री खटला पुरा सरकार भक्त मंडल एवं श्री राम मंदिर समिति ने शहरवासियों से सपरिवार शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।