राजद नेता तेजस्वी यादव की तारीफ करते हुए भाजपा नेता उमा भारती ने जोर देते हुए कहा कि तेजस्वी की उम्र एक तरफ लेकिन अभी वो एक राज्य को चलाने के लिए पर्याप्त रुप से अनुभवी नहीं हुए हैं लेकिन तेजस्वी बहुत अच्छा लड़का है। उमा भारती ने कहा कि तेजस्वी थोड़े और बड़े होने के बाद नेतृत्व कर सकते हैं।
उमा भारती ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि लालू प्रसाद यादव ने बिहार को जंगलराज में धकेल दिया था लेकिन उनके बेटे तेजस्वी यादव अच्छे लड़के हैं और वो सरकार चला नहीं सकते। सरकार चलाने का काम लालू को करना था हालांकि उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सीढ़ी पर चढ़कर ही भाजपा उस राज्य की राजनीति में छोटे भाई से बड़े भाई की भूमिका में आई है।
यह पूछे जाने पर कि क्या बिहार विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद वहां भाजपा का मुख्यमंत्री होना चाहिए, उमा भारती ने कहा कि इसमें मुझे पड़ना नहीं। नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव हुआ है और अगर आपको पता हो कि उनका नेतृत्व मैंने ही घोषित किया था जब वर्ष 2005 में पार्टी की महासचिव थी और बिहार की प्रभारी थी। और उसके बाद हम वहां सरकार बना पाए थे।
उन्होंने आगे कहा कि ‘हम छोटे भाई से बड़े भाई की भूमिका में नीतीश की सीढ़ी चढ़कर ही आ पाए हैं। इसलिए जिस सीढ़ी को आप चढ़कर आए हैं, उसी को आप गिरा नहीं सकते। इसलिए नीतीश स्वयं तय करेंगे। उमा ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद कहा कि वह हमारे नेता होंगे और पार्टी ने भी कहा कि नीतीश के नेतृत्व में ही चुनाव होगा।
उन्होंने कहा कि अब आगे क्या स्थितियां बनती है, ये नीतीश ही तय कर सकते हैं, क्योंकि मोदी तो तय कर चुके कि नीतीश हमारे मुख्यमंत्री होंगे। उमा ने कहा कि मुझे खुशी होगी कि नीतीश वहां (बिहार) के मुख्यमंत्री हों, क्योंकि नीतीश की सीढ़ी चढ़कर ही पार्टी छोटे भाई से बड़े भाई की भूमिका में आई है।