सीहोर जिले के पटवारियों को सप्ताह में दो दिन ग्राम पंचायत मुख्यालय पर रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस दौरान उन्हें अपने क्षेत्र के ग्रामवासियों के राजस्व संबधी और अन्य कार्य सम्पादित करेगें।
कलेक्टर प्रवीण सिंह ने जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और समस्त तहसीलदारों को इन आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के अनुसार पटवारी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर रह कर अपने किए गए कार्य का विवरण एक रजिस्टर में संधारित करेगें और संबंधित राजस्व निरीक्षक निरीक्षण कर प्रमाणित करेगें।
कलेक्टर सिंह ने एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि अपने अनुभाग की तहसीलों के हल्कों पर कार्यरत पटवारियों को सप्ताह में दो दिवस ग्राम पंचायत मुख्यालय पर उपस्थित होकर काम किया जाना सुनिश्चित करें। प्रत्येक पटवारी अपने हल्के की ग्राम पंचायत मुख्यालय पर सप्ताह में दो दिवस सोमवार और गुरुवार को आवश्यक रूप से उपस्थित रहेगा। इस दौरान पटवारी राजस्व विभाग की सेवाएं प्रदान करने और आमजन की कठिनाइयों के निराकरण के लिए उपलब्ध रहेगा। जिसकी नियमित रूप से उपस्थिति और कार्य की समीक्षा जिला स्तर से की जाएगी।