सिंगरौली जिले के बंधौरा क्षेत्र में एक श्रमिक की मौत के बाद मजदूरों का आक्रोश फूट पड़ा। गुस्साए श्रमिकों ने अडानी ग्रुप की पॉवर मेक कंपनी के कार्यालय में आगजनी कर दी और कई वाहनों में तोड़फोड़ की है। पढ़ें पूरी खबर
सिंगरौली जिले के बन्धौरा क्षेत्र में पुलिस ने मोर्चा संभाला हुआ है। यहां पर श्रमिकों के प्रदर्शन के कारण हालात तनावपूर्ण हैं। एक श्रमिक की मौत के कारण गुस्साएं मजदूरों ने कंपनी के कार्यालय में तोड़फोड़ और आगजनी की है। घटना के दौरान पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के साथ भी धक्का-मुक्की व मारपीट की हुई है।
विज्ञापन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात एक श्रमिक की मौत की सूचना अन्य श्रमिकों को मिली। इस पर यहां के मजदूर आग बबूला हो गए। उनका आरोप है कि कंपनी प्रबंधन द्वारा मामले को दबाने और शव को छुपाने की कोशिश की गई। इसी बात को लेकर श्रमिकों और पुलिस के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद आक्रोशित मजदूरों की भीड़ उग्र हो गई।
भारी पुलिस बल तैनात
गुस्साए श्रमिकों ने पॉवर मेक कंपनी के कार्यालय परिसर में खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाते हुए जमकर तोड़फोड़ की। कुछ वाहनों को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
कंपनी प्रबंधन ने जानें क्या कहा?
वहीं, प्रशासन पूरे मामले की जांच की बात कह रहा है। श्रमिकों की मांग है कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। वहीं, कंपनी प्रबंधन का कहना है कि मजदूर की मौत उसके आवास पर हुई है। मौत की वजह हार्ट फेल है हालांकि अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। श्रमिक की मौत के मामले में जो भी उचित कार्रवाई होगी की जाएगी।