सिंगरौली जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला बरगवां थाना क्षेत्र का है, जहां आधी रात को आधा दर्जन बदमाशों ने एक सुनार की दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, बरगवां बाजार स्थित सेठ विनोद कुमार सर्राफ की दुकान को 18 फरवरी की आधी रात निशाना बनाया गया। बदमाश सुनसान समय का फायदा उठाकर दुकान के सामने पहुंचे। पहले आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी गई, फिर औजारों की मदद से शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया।
प्लानिंग के साथ अंजाम
बताया जा रहा है कि पूरी वारदात महज 5 से 10 मिनट के भीतर अंजाम दी गई। बदमाशों की तेजी और आत्मविश्वास से अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्होंने पहले से दुकान की रेकी की थी। घटना के बाद सभी आरोपी अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए।
सुबह मचा हड़कंप
सुबह जब दुकान मालिक पहुंचे तो टूटा हुआ शटर और बिखरा सामान देखकर वे सन्न रह गए। अंदर शोकेस खाली पड़े थे और कैश काउंटर भी साफ था। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
व्यापारियों में दहशत
अब सवाल यह है कि सीसीटीवी में कैद ये आधा दर्जन आरोपी कब तक कानून के शिकंजे में आएंगे? शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने आम लोगों और व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है।