दुकान से नकदी चोरी कर अपने शौक पूरे करने के लिए चोरों ने उस रकम से लग्जरी दो पहिया और चार पहिया खरीद लिए। जानकारी के अनुसार मझौली की कियोस्क दुकान में चोरी के मामले में बरगवां पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अपाचे मोटर साइकिल और सफेद रंग की टाटा इंडिका विस्टा कार जब्त की है। मामले का खुलासा होने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान लखराम उर्फ पिंटू बियार (32) और नीरज कुमार साकेत (21) के रूप में हुई है। फरियादी रामजनम बैस ने 5 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि मझौली स्थित उनकी कियोस्क दुकान खोलने पर काउंटर में रखी नकदी गायब मिली। दुकान के भीतर जांच के दौरान सीढ़ी के पास रखे बैग संदेहास्पद स्थिति में मिलने पर चोरी की आशंका जताई गई।
ये भी पढ़ें: कटनी: दशहरा महोत्सव के होर्डिंग हटाने पर भारी बवाल, अतिक्रमण दस्ते की कार्रवाई पर भाजपा ने खोला मोर्चा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शियाज केएम के निर्देशन और बरगवां थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पटेल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिरों से मिली सूचना, पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों संदिग्धों को चिह्नित कर गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया और रकम को ठिकाने लगाते हुए लखराम ने करीब 50 हजार रुपये की नई मोटर साइकिल खरीदी, जबकि नीरज ने लगभग 95 हजार रुपये में पुरानी टाटा इंडिका विस्टा कार खरीदी थी।
पुलिस ने किए जब्त
बरगवां पुलिस के अनुसार मझौली कियोस्क चोरी मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद चोरी की रकम से खरीदे गए वाहन जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।