सीधी-सिंगरौली सीमा के भुईमाड़ में गोपद नदी किनारे बोरे में एक युवक की सड़ी-गली लाश मिली है। शव 4-5 दिन पुराना लग रहा है। पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीधी और सिंगरौली जिले की सीमा से लगे आदिवासी अंचल भुईमाड़ इलाके में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गोपद नदी किनारे बंद बोरे में एक युवक की लाश मिली। घटना सुबह करीब 7 बजे की है, जब ग्राम ताल के पास नदी किनारे ग्रामीणों ने बोरे से दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी।
विज्ञापन
भुईमाड़ थाना प्रभारी डीडी सिंह ने बताया कि शव करीब 25 से 30 वर्षीय युवक का है, जिसकी लंबाई लगभग 5 फीट है। मृतक ने नीले रंग की स्पोर्ट्स टी-शर्ट और नीली चड्डी पहन रखी थी। शव बुरी तरह सड़ चुका है, अनुमान लगाया जा रहा है कि यह करीब 4 से 5 दिन पुराना है।
दो जिलों की सीमा पर शव मिलने के कारण दोनों जिलों की पुलिस करीब तीन घंटे तक जमीन की नाप करती रही। इसके बाद स्पष्ट हुआ कि शव सीधी जिले की सीमा से करीब 50 फीट दूर, सिंगरौली जिले की सीमा के अंदर मिला है। सीमा निर्धारण के बाद सिंगरौली जिले की एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हत्या कर शव छिपाने का मामला मान रही है।
फिलहाल, शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी थाना क्षेत्र में इस हुलिए से मेल खाता कोई व्यक्ति पिछले कुछ दिनों से लापता है या किसी को शव के संबंध में जानकारी हो, तो वे तत्काल थाना लांघाडोल, जिला सिंगरौली से इस नंबर (8839603100) पर संपर्क करें।