सीधी एसपी डॉ. रविंद्र वर्मा ने पुलिस व्यवस्था सुधारने हेतु तीन थाना प्रभारियों के तबादले किए हैं। पुष्पेंद्र सिंह को कोतवाली, केदार परौहा को सेमरिया, भूपेश बैस को मड़वास और कप्तान सिंह को कुसमी थाना सौंपा गया। स्थानांतरण पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार हुआ है।
सीधी जिले के पुलिस महकमे में एक बार फिर प्रशासनिक सर्जरी की गई है। सीधी एसपी डॉ. रविंद्र वर्मा ने बुधवार को जिले के तीन थाना प्रभारियों का स्थानांतरण आदेश जारी किया है। यह फेरबदल पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने और प्रशासनिक सुचारूता को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
सेमरिया थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह को अब कोतवाली का प्रभार सौंपा गया है। वहीं, मड़वास थाना प्रभारी केदार परौहा को सेमरिया का जिम्मा सौंपा गया है। इसी तरह कुसमी थाना प्रभारी भूपेश बैस को अब मड़वास थाने की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा कोतवाली थाने में पदस्थ कप्तान सिंह को कुसमी थाना प्रभारी बनाया गया है।
एसपी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह स्थानांतरण पुलिस मुख्यालय भोपाल से जारी आदेश के पालन में भी किया गया है, जिसमें निर्देशित किया गया था कि जो अधिकारी या कर्मचारी एक ही अनुभाग में वर्षों से पदस्थ हैं, उन्हें दूसरे अनुभाग में स्थानांतरित किया जाए। इस निर्देश को अमल में लाते हुए यह कदम उठाया गया है।