जिले के ग्राम कुचवाही में बुधवार को घर के सामने खड़ी बोलेरो वाहन में अचानक आग लग गई, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। यह घटना दोपहर 12 बजे हुई, जब कुचवाही निवासी शिवराज गुप्ता की बोलेरो वाहन उनके घर के पास खड़ी थी। पास के विद्युत पोल से शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगते ही वाहन पूरी तरह से धधकने लगा। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वाहन को बचाने में सफल नहीं हो सके। बताया गया कि फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई थी, लेकिन समय पर मदद नहीं मिलने से आग पर काबू नहीं पाया जा सका। शिवराज गुप्ता ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनकी बोलेरो वाहन, जिसकी अनुमानित लागत 12 लाख रुपए थी, जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि बोलेरो जलने के मामले की जांच की जा रही है। पुलिस और बिजली विभाग के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की पड़ताल में जुटे हैं। स्थानीय निवासियों ने फायर ब्रिगेड की देरी पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि समय पर सहायता मिलने से नुकसान को कम किया जा सकता था।