शिवपुरी के फिजिकल थाना क्षेत्र अंतर्गत दर्पण कॉलोनी से अपने मायके से बिना बताए गायब हुई महिला का शव मड़ीखेड़ा डैम से मिला गया है। एक दिन पहले इसी महिला के डेढ़ साल के बेटे का शव इसी डैम से मिला था। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम द्वारा गायब महिला की तलाश की जा रही थी। इसी बीच अब महिला का शव भी मिल गया। अपने मायके से बिना किसी को कुछ बताए अचानक गायब हुई इस महिला ने अपने डेढ़ साल के बेटे के साथ मड़ीखेड़ा बांध में कूदकर आत्महत्या कर ली। महिला का शव बुधवार को पानी में उतराता हुआ मिल गया। पुलिस ने शव बरामद कर मर्ग कायम कर लिया है।
बताया जाता है कि सोमवार सुबह अपने मायके आई महिला कमलेश पत्नी भोलू बघेल उम्र 30 साल घर पर किसी को कुछ बिना बताए ही अपनी ससुराल ग्राम पारागढ़ जाने के लिए रवाना हो गई। शाम को कोलारस में रहने वाले उसके पति भोलू को उसने बस में बैठी किसी महिला के फोन से फोन लगाया और सूचना दी कि वह पारागढ़ जा रही है, लेकिन जब पारागढ़ नहीं पहुंची तो उसकी तलाश शुरू की गई। इस पर मंगलवार को मड़ीखेड़ा डैम के पास एक पुलिया पर उसकी शाल, आधार कार्ड सहित अन्य सामान रखा मिला। कुछ दूरी पर पानी में बेटे रिहांश का शव पानी में उतराता मिल गया, परंतु महिला कमलेश के शव का कोई सुराग नहीं लगा।
पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी
बुधवार की सुबह महिला का शव डैम में ही उतरता हुआ मिल गया। खास बात यह है कि न तो महिला के मायके वाले यह बता पा रहे हैं कि उसने आत्महत्या क्यों की है और न ही ससुराल वाले कुछ बताने को तैयार हैं। महिला के पति का कहना है कि वह कोलारस में रहता है, कमलेश भी उसी के साथ रहती थी। बकौल भोलू उसने सास के कहने पर पत्नी को संक्रांति का त्योहार मनाने के लिए मायके भेजा था।
मृतिका कमलेश जब त्योहार मनाने के लिए मायके आई थी तो अचानक से घर पर बिना कुछ कहे सुने आखिर पारागढ़ क्यों जा रही थी। यह बात न तो भोलू बता रहा है और न ही अन्य कोई स्वजन। भोलू और कमलेश के बीच बस में बैठे-बैठे ऐसे क्या हालात बने कि महिला को बस से उतरकर आत्महत्या करनी पड़ गई। फिलहाल, ऐसे कई सवालों के जबाव सामने नहीं आए हैं। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।