कोलारस विधायक वीरेंद्र रघुवंशी एसडीएम को धमकाते नजर आए।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के एक विधायक का इलाके के एसडीएम को धमकाने का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें विधायक कहते नजर आ रहे हैं कि इतना उधम होगा कि दुनिया देखेगी, व्यवस्था संभालना मुश्किल हो जाएगी। टेंडर वोट को लेकर विधायक नाराज हो रहे थे।
जानकारी के अनुसार धमकाने वाले विधायक कोलारस से हैं, उनका नाम वीरेंद्र रघुवंशी है। वे जिसे धमका रहे हैं वो एसडीएम बृजबिहारी श्रीवास्तव हैं। टेंडर वोट डाले जाने की बात पर ये धमकी दी गई है। अब आपको बताते हैं कि विधायक ने क्या कहा है।
विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने कहते नजर आ रहे हैं कि बहुत बर्दाश्त कर लिया हमने, अब नहीं करेंगे। यहां इतना बड़ा उधम होगा कि पूरा देश देखेगा। आपने जो भूमिका अदा की है इस चुनाव के अंदर, भारतीय जनता पार्टी की सरकार होते हुए, मैं भारतीय जनता पार्टी का विधायक हूं। आपने जिस तरह कोलारस विधानसभा में नियमों की धज्जियां उड़ाई हैं, मुझे शर्म आ रही है कहते हुए कि आप यहां अनुविभागीय अधिकारी हैं। जहां आपको नियम बदला है, पांच मिनट में आप कहते हो ऐसा होगा, पांच मिनट बाद कहते हो ऐसा होगा। ये नहीं चलेगा। आपने कैसे डलवाए बदरवास में टेंडर वोट। आप फॉर्म निकालिए, जिसने इलेक्शन भरा है, उसका टेंडर वोट डलवाइए, हमें कोई आपत्ति नहीं है। मैं आपसे हाथ जोड़कर निवेदन कर रहा हूं कि नियम तोड़ने की कोशिश मत करना, व्यवस्था संभालना मुश्किल हो जाएगी आपको।
बता दें कि बीते दिनों कोलारस नगर परिषद में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के चुनाव हुए थे। इसी दौरान का ये वीडियो बताया जा रहा है। वीडियो में नाराजगी जिस टेंडर वोट के लिए होना बताया जा रहा है, वो सियाबाई नामक महिला का टेंडर वोट था। अपुष्ट सूत्रों ने ये भी बताया कि कोलारस, रन्नौद और बदरवास में विधायक की इच्छा के विपरीत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।