ट्रक हादसे में फंसे लोगों को आईटीबीपी के जवानों ने बाहर निकाला
- फोटो : अमर उजाला
शिवपुरी में गुरुवार को लुधावली बाईपास के पास एक ट्रक मकान के पास पलट गया। इससे मकान में रहने वाली महिला सहित उनकी बेटी की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। इन लोगों को बचाने के लिए आईटीबीपी के जवान आगे आए। इन तीन जवानों ने तत्काल प्रभाव से पीड़ितों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरु किया। इनकी मदद से मकान के मलवे में दबे तीन लोगों को निकाला गया और उनकी जान बच गई।
दरअसल, जिस जगह ये हादसा हुआ, वहां से आईटीबीपी का केन्द्र नजदीक था। हादसे के बाद केन्द्र में सूचना दी गई। डीआईजी आइटीबीपी महेश कलावत दूरसंचार वाहिनी के निर्देशन पर भूपेंद्र सिंह गुसांई उप सेनानी/जीडी के नेतृत्व में एक टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया । आईटीबीपी के जवानों ने उप सेनानी भूपेंद्र सिंह गुसांई के नेतृत्व में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इस ऑपरेशन में सुबेदार मेजर एवं उनकी टीम के साथ गांव वालों ने भी भाग लिया। इस बचाव अभियान में ग्रामीणों ने भी मदद की। और मकान में दबे तीन लोगों को बाहर निकाला। घायलों को मलवे से निकालने के बाद अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है।