बेतवा में पानी बढ़ने से फंसे लोगों को एसडीआरएफ की टीम ने बचाया।
- फोटो : सोशल मीडिया
शिवपुरी जिले के बामोरकलां थाना क्षेत्र के ग्राम खिसलोनी में बेतवा नदी में आए अचानक उफान के चलते जंगल मे गए दो चरवाहों सहित आधा सैकड़ा से अधिक जानवर बीते रोज से टापू पर फंसे हुए थे जिन्हें आज थाना बामोरकलां पुलिस सहित के एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार खिसलोनी गांव के रहने वाले दो चरवाहे अपने साथ आधा सैकड़ा से अधिक पशुओं को लेकर बेतवा नदी किनारे बने टापू पर बीते रोज गए हुए थे इसी दौरान ऊपरी क्षेत्र में बरसे पानी की वजह से अचानक बेतवा नदी उफान पर आ गई, और पानी बढ़ गया। जिसमें दोनों चरवाहे अपने जानवरों के साथ टापू पर ही फंस गए। दोपहर बाद जब कुछ ग्रामीणों ने दो चरवाहों को जानवरों के साथ टापू पर फंसा देखा तो तत्काल इसकी सूचना बामोरकलां थाना को दी गई।
मौके पर थाना प्रभारी बामोरकलां पुनीत बाजपेई ने निरीक्षण कर तत्काल शिवपुरी एसडीआरएफ टीम को इसकी सूचना दी। हालांकि एसडीआरएफ की टीम कल देर शाम तक मौके पर पहुंच गई थी, परंतु रात्रि के समय रेस्क्यू अभियान नहीं चलाया जा सका जिसके बाद आज सुबह रेस्क्यू टीम ने पुनः रेस्क्यू अभियान की शुरुआत की और कड़ी मशक्कत के बाद टापू पर फंसे दोनों चरवाहों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।