शिवपुरी में प्रेम विवाह से नाराज परिवार ने दामाद की हत्या कर दी।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के शिवपुरी में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। दो साल पहले प्रेम विवाह करने वाले युवक को उसके ही ससुराल वालों ने कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है। सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शेष लोगों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार मामला शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र के मछावली गांव का है। पुलिस अधीक्षक राजेश चन्देल ने बताया कि यहां रहने वाले 23 वर्षीय युवक ने दो साल पहले गांव की ही एक युवती से प्रेम विवाह किया था। युवती के परिजन नाराज थे। लव मैरिज के बाद युवक के परिजन उसे गांव नहीं आने दे रहे थे, लेकिन युवक दीपावली पर यहां आकर रहने लगा था और उसका घर आना जाना होने लगा था। युवती के आक्रोशित परिजन उसे सबक सिखाने का मौका तलाश रहे थे।
मृतक युवक के चाचा ने बताया कि युवक को पहले शराब पिलाकर 6-7 लोग अपने साथ ले गए और वहां पर उसकी बंदूक के बट से मारा। बाद में उसे कुल्हाड़ी से गले पर वार कर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एसपी चंदेल ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है।