मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। कई हिस्सों में बादल छा रहे हैं। कल से कई इलाकों में बूंदाबांदी भी हो सकती है। ग्वालियर-चंबल संभाग में तेज बारिश भी हो सकती है। इसके बाद 12 नवंबर से ठंड का जोर भी बढ़ेगा। अभी बन रहे सिस्टम के कारण अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी जारी है। प्रदेश में सबसे गर्म राजगढ़ तो सबसे ठंडा पचमढ़ी रहा।
मौसम केंद्र की रिपोर्ट कह रही है कि बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं रहा। पूर्वी मप्र में रात का तापमान मामूली गिरा है तो पश्चिमी हिस्से में लगभग स्थिर रहा। वहीं दिन के पारे में पूर्वी मप्र में 2.4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।
प्रदेश के बड़े शहरों का हाल
| शहर |
अधिकतम तापमान |
न्यूनतम तापमान |
| भोपाल |
34.3 |
17.4 |
| इंदौर |
32.7 |
17.6 |
| जबलपुर |
32.0 |
14.5 |
| ग्वालियर |
33.4 |
17.5 |
मौसम विभाग के आंकड़ों की बात करें तो तापमान में हल्की गिरावट रही। दिन का तापमान जहां अब 35.4 डिग्री तक रहा तो रात का पारा 12 डिग्री के नीचे पहुंचा है। प्रदेश में सबसे गर्म राजगढ़ रहा। राजगढ़ में 35.4, खंडवा में 35.1, गुना में 35, दमोह में 34.5, खरगोन में 34.4, भोपाल में 34.3, उज्जैन में 34, नर्मदापुरम में 33.9, रतलाम में 33.6, ग्वालियर में 33.4, मंडला-सागर में 33.2 डिग्री अधिकतम तापमान रहा।
न्यूनतम तापमान पूर्वी मप्र में हल्का गिरा है। पश्चिमी मप्र में विशेष परिवर्तन नहीं रहा। प्रदेश में सबसे ठंडा पचमढ़ी रहा। पचमढ़ी में 11.6, मंडला में 12.6, छिंदवाड़ा में 13.8, उमरिया में 13.9, रायसेन-नौगांव में 14, बैतूल-जबलपुर में 14.5, रीवा में 14.6, खरगोन में 14.8, खंडवा में 15 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो प्रदेश में बादल छाने की स्थिति है। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास एक्टिव है। अरब सागर में भी एक प्रति चक्रवात एक्टिव है। इन कारणों से हवाओं के साथ नमी आ रही है। जानकार बता रहे हैं कि मंगलवार से तीन दिन तक प्रदेश के कई हिस्सों में बादल और गहराएंगे, साथ ही कई क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना भी बन रही है। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग में पानी गिर सकता है। मालवा, निमाड़, ग्वालियर, चंबल, नर्मदापुरम, भोपाल तक बारिश का असर रहेगा। भोपाल और इंदौर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 12 नवंबर से प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने लगेगा।