थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पड़ताल शुरू कर दी गई है।
- फोटो : अमर उजाला
शिवपुरी में कार सवार को बातों में उलझाकर बदमाश डेढ़ लाख रुपये से भरा बैग ले भागे। बदमाशों ने कार सवार को कहा था कि तुम्हारी कार में पीछे कुछ लगा है, जब वे देखने पहुंचे तभी बदमाश ने बैग पार कर दिया। पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार घटना शिवपुरी के हृदय स्थल कहे जाने वाले माधव चौक चौराहे के समीप गुरुवार दोपहर में हुई। मुकेश रावत निवासी बिनैगा आज अपने पुत्र के साथ शिवपुरी आया हुए थे। मुकेश ने माधव चौक चौराहे के समीप स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से एक लाख 40 हजार रुपये निकाले। रुपयों के बैग को मुकेश कार में रख रहा था, उसी समय दो बदमाश आए और मुकेश से बोले कि तुम्हारी कार के पीछे कुछ लगा हुआ है। मुकेश और उसका बेटा नोटों के बैग को कार में रखने के बाद जब कार को देखने के लिए पीछे गए तो मौका पाकर दोनों बदमाश बैग को लेकर फरार हो गए। जब बदमाश भाग रहे थे तो उनके भागने का फुटेज भी समीप की बिल्डिंग पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं। घटना की जानकारी लगते ही संबंधित थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके द्वारा जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।
इससे पहले भी शिवपुरी के वीर सावरकर उद्यान के पास से भी एक व्यापारी की कार से ऐसी ही वारदात हो चुकी है। तब भी कार चालक को मूर्ख बनाकर पैसे निकाल लिए गए थे। इस मामले में पुलिस ने कुछ बाहरी लोगों को पकड़ा था।